नई दिल्ली ऑनलाइन डेस्क। आईपीएल 2025 का तीसरा मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया। चेन्नई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। मुम्बई ने 20 ओवर में 155 रन बनाए। चेन्नई को जीत के लिए 156 रनों का टारगेट मिला। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और रचिन रविंद्र ने धुआंधार बैटिंग की और मुम्बई को 4 विकेट से हराकर टूर्नामेंट का आगाज जीत के साथ किया। चेन्नई की तरफ से अफगानिस्तान टीम के स्पिनर नूर अहमद ने शानदार बॉलिंग की और 4 विकेट अपने नाम किए।
नूर अहमद ने चटकाए चार विकेट
चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करने का फैसला किया। मुंबई इंडियंस की शुरूआत अच्छी नहीं हुई। खलील अहमद ने मुंबई की सलामी जोड़ी (रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन) को पवेलियन भेजा। जबकि मुंबई को तीसरा झटका रविचंद्रन अश्विन ने दिया। उन्होंने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए विल जैक्स को शिवम दुबे के हाथों कैच कराया। तिलक वर्मा ने 31, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 29 और दीपक चाहर ने नाबाद 28 रन बनाए। मुंबई ने 20 ओवर के बाद 9 विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाए। चेन्नई की तरफ से नूर अहमद ने 4 विकेट झटके, जबकि खलील अहमद ने 3 विकेट लिए।
ऋतुराज गायकवाड़ और रचिन रवींद्र ने दिलाई जीत
जवाब में चेन्नई के बल्लेबाजों ने सधी शुरूआज की। चेन्नई टीम के लिए ऋतुराज गायकवाड़ और रचिन रवींद्र ने शानदार अंदाज में फिफ्टी लगाई। रचिन ने 45 गेंदों में नाबाद 65 रनों की पारी खेली। जबकि गायकवाड़ ने 26 गेंदों पर 53 रनों की कप्तानी पारी खेली। इसके दम पर चेन्नई ने 6 विकेट गंवाकर 158 रन बनाकर मैच जीता। धोनी आखिर में क्रीज पर आए, लेकिन 2 गेंदें खेलकर खाता नहीं खोल सके और नाबाद लौटे। मुंबई के स्पिनर विग्नेश पुथुर ने 3 विकेट झटके। चेन्नई ने आज के मैच में बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग शानदार की। महेंद्र सिंह धोनी ने विकेट के पीछे से टीम का नेत्त्व किया। धोनी ने कप्तान के जरिए बड़ी चतुराई से बॉलिंग चेंज करवाई, जिसका इनाम चेन्नई को जीत के साथ मिला।
नूर अहमद ने इतिहास रच दिया
नूर अहमद की बेहतरीन गेंदबजी के चलते मुंबई टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 155 रन बना सकी। अफगानिस्तान के स्पिनर नूर अहमद ने 4 ओवर गेंदबाजी की। इस दौरान उन्होंने काफी कंजूसी से रन खर्च किए। नूर ने 4.50 की इकोनॉमी से 18 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, रॉबिन मिंज और नमन धीर को अपने जाल में फंसाया। इसके साथ ही नूर ने इतिहास रच दिया। वह मुंबई के खिलाफ बेस्ट गेंदबाजी करने वाले चेन्नई सुपर किंग्स के स्पिनर बन गए हैं। इस मामले में नूर ने रवींद्र जडेजा का पीछे छोड़ दिया है। आज से पहले तक चेन्नई का कोई भी स्पिनर मुंबई के खिलाफ 4 विकेट नहीं ले पाया था।
2022 से IPL का हिस्सा हैं नूर
नूर अहमद 2022 से इंडियन प्रीमियर लीग का हिस्सा हैं। 2022 में गुजरात टाइटंस ने उन्हें 30 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा था। आईपीएल 2025 से पहले हुए मेगा ऑक्शन में चेन्नई ने गुजरात से नूर को छीन लिया था। साउदी अरब में हुए ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने नूर को 10 करोड़ रुपये में खरीदा था। बाएं हाथ के रिस्ट स्पिनर को पहले सीएसके ने 5 करोड़ रुपये में खरीदा था। ऐसे में गुजरात टाइटंस ने राइट टू मैच कार्ड का इस्तेमाल करने का विकल्प चुना। तब सीएसके मैनेजमेंट ने बोली को 5 से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये दिया। आईपीएल 2023 में नूर अहमद ने 13 मैच खेले थे और 16 विकेट चटकाए थे।
महेंद्र सिंह धोनी का कायम है जलवा
एमएस धोनी के आईपीएल इतिहास में अब सबसे ज्यादा 44 स्टंपिंग हो चुकी हैं। मुंबई के खिलाफ एमएस धोनी ने अपनी बेहतरीन विकेटकीपिंग दिखाई। उन्होंने मुंबई के कप्तान सूर्यकुमार यादव को स्टंप आउट किया। स्पिनर नूर अहमद तीसरा ओवर डाल रहे थे। तभी सूर्यकुमार यादव क्रीज से आगे बढ़कर शॉट मारना चाहते थे। लेकिन धोनी ने तेजी से बेल्स गिरा दीं। सूर्यकुमार यादव का पैर उस वक्त क्रीज से बाहर था। धोनी ने उन्हें स्टंप आउट कर दिया। धोनी के इस स्टंपिंग ने सबको हैरान कर दिया। कमेंटेटर भी उनकी तारीफ करने लगे। धोनी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उन्हें क्यों बेहतरीन विकेटकीपर माना जाता है।
धोनी में मोड़ दिया मैच का रूख
43 साल की उम्र में भी धोनी की विकेटकीपिंग का जादू बरकरार है। उनकी तेज रिफ्लेक्स और बेहतरीन अंदाज उन्हें खास बनाते हैं। सूर्यकुमार यादव का स्टंपिंग सीएसके के लिए मैच का रुख बदलने वाला साबित हुआ। सूर्या के आउट होते ही मुंबई की टीम को रॉबिन मिंज और तिलक वर्मा के रूप में दो झटके और लगे। आईपीएल में सबसे ज्यादा स्टंपिंग करने वाले विकेटकीपर में एमएस धोनी, 44 स्टंपिंग, दिनेश कार्तिक, 37 स्टंपिंग, रॉबिन उथप्पा 32 स्टंपिंग, रिद्धिमान साहा 26 स्टंपिंग और ऋषभ पंत 23 स्टंपिंग कर चुके हैं।