Site icon News1India

हैदराबाद केमिकल फैक्ट्री में भीषण धमाका, 10 की दर्दनाक मौत, कई घायल

Hyderabad Explosion

Hyderabad Explosion : तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में सोमवार को एक केमिकल फैक्ट्री में जोरदार धमाका हो गया, जिसमें कम से कम 10 लोगों की जान चली गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य तेजी से जारी है।

यह हादसा पाटनचेरु मंडल स्थित सीगाची केमिकल्स इंडस्ट्री में उस समय हुआ जब फैक्ट्री का रिएक्टर अचानक फट गया। विस्फोट इतना तेज था कि देखते ही देखते आग ने पूरे कारखाने को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के लिए दमकल की दो गाड़ियां मौके पर जुटी हुई हैं।

काम के दौरान हुआ हादसा

घटना के वक्त फैक्ट्री में मजदूर नियमित काम में जुटे हुए थे। तभी अचानक तेज धमाके की आवाज आई, जिससे कर्मचारी घबराकर बाहर भागने लगे। लेकिन कई मजदूर विस्फोट की चपेट में आ गए और अंदर ही फंस गए।

पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं कई घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फैक्ट्री के पास बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन भी इकट्ठा हो गए हैं।

धमाके की क्या थी वजह ? 

अधिकारियों के मुताबिक मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। हालांकि विस्फोट की सटीक वजह अब तक सामने नहीं आई है, लेकिन प्रारंभिक जांच में रिएक्टर में तकनीकी खराबी को कारण माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें : क्रिकेट विवाद में यूपी पुलिस के सिपाही की गोली मारकर…

फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन हुआ या नहीं, इस बात की भी जांच की जा रही है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां हादसे की तह तक पहुंचने के प्रयास में जुटी हैं।

Exit mobile version