Mysterious Refinery Fire Incidents: मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के कारण दुनिया पहले ही ऊर्जा संकट से जूझ रही है। इसी बीच एक और चिंता सामने आई है। पिछले करीब 50 दिनों में भारत समेत कई देशों की बड़ी तेल रिफाइनरियों में आग और धमाकों की घटनाएं हुई हैं। इन घटनाओं ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या ये सिर्फ हादसे हैं या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश हो सकती है।
भारत में भी सामने आई घटनाएं
भारत में राजस्थान और मुंबई से ऐसी घटनाएं सामने आई हैं। राजस्थान के पचपदरा में HPCL रिफाइनरी में 20 अप्रैल को भीषण आग लग गई। यह घटना उस समय हुई, जब इस रिफाइनरी का उद्घाटन होना था। शुरुआती जांच में बताया गया कि एक वाल्व से हाइड्रोकार्बन के रिसाव के कारण आग लगी।
जांच में जुटीं एजेंसियां
इस मामले को गंभीर मानते हुए National Investigation Agency (NIA) ने जांच शुरू कर दी है। जयपुर से विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची और जांच कर रही है। इसके साथ ही राजस्थान एटीएस भी मामले की पड़ताल कर रही है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं यह कोई बाहरी साजिश तो नहीं।
मुंबई में भी लगी थी आग
इससे पहले 4 अप्रैल को मुंबई के पास Oil and Natural Gas Corporation (ONGC) के एक प्लेटफॉर्म पर भी आग लगी थी। इस घटना में कुछ कर्मचारी घायल हुए थे। हालांकि आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन इसके कारणों का अभी तक साफ खुलासा नहीं हुआ है।
दुनिया के कई देशों में हादसे
केवल भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई देशों में भी ऐसी घटनाएं हुई हैं। इक्वाडोर, मेक्सिको, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और रोमानिया जैसे देशों में रिफाइनरियों में आग और धमाकों की खबरें आई हैं। कुछ जगहों पर जानमाल का नुकसान भी हुआ है और तेल उत्पादन पर असर पड़ा है।
लगातार घटनाओं से बढ़ा शक
इतने कम समय में इतनी सारी घटनाएं होने से लोगों में शक पैदा हो रहा है। सोशल मीडिया पर भी कई लोग इसे किसी बड़ी साजिश से जोड़कर देख रहे हैं। कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि यह वैश्विक तेल आपूर्ति को प्रभावित करने की कोशिश हो सकती है।
जांच से ही साफ होगी तस्वीर
हालांकि अभी तक किसी भी घटना में साजिश की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन जिस तरह से लगातार हादसे हो रहे हैं, उससे जांच एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। भारत में NIA की जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह तकनीकी खराबी का मामला है या किसी बड़ी योजना का हिस्सा।








