PM Kisan Samman Nidhi 23rd Installment :उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए शनिवार का दिन खास रहने वाला है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त आज किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। इस बार प्रदेश के 2.17 करोड़ से अधिक किसानों को इसका लाभ मिलेगा। उनके खातों में कुल 4352.40 करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी।
पीएम मोदी करेंगे राशि जारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से इस किस्त को जारी करेंगे। उनका कार्यक्रम दोपहर करीब 3 बजकर 45 मिनट पर आयोजित होगा। देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18880 करोड़ रुपये से ज्यादा की सहायता राशि भेजी जाएगी।
हर साल मिलती है आर्थिक मदद
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल 6000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि तीन बराबर किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है। इस योजना का उद्देश्य किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।
गोरखपुर से हुई थी शुरुआत
इस योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2019 को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से की गई थी। तब से अब तक करोड़ों किसानों को इसका लाभ मिल चुका है। राज्य सरकार के अनुसार, 22वीं किस्त तक किसानों को कुल 99032.58 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी जा चुकी है। आज की किस्त जारी होने के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 103391.24 करोड़ रुपये हो जाएगा।
झांसी में मौजूद रहेंगे सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे। वह झांसी स्थित रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में किसानों के बीच मौजूद रहेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त वितरण कार्यक्रम का प्रसारण देखा जाएगा। साथ ही यूपी एग्रीज परियोजना के खरीफ संस्करण की शुरुआत भी की जाएगी।
हर साल बढ़ती गई सहायता राशि
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, किसानों को मिलने वाली सहायता राशि में लगातार बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2018-19 में 2238.92 करोड़ रुपये, 2019-20 में 11006.87 करोड़ रुपये, 2020-21 में 14432.14 करोड़ रुपये, 2021-22 में 15775.52 करोड़ रुपये, 2022-23 में 12454.32 करोड़ रुपये, 2023-24 में 13808.48 करोड़ रुपये, 2024-25 में 15594.74 करोड़ रुपये और 2025-26 में 13727.85 करोड़ रुपये की सहायता दी गई।
ऐसे देखें अपना नाम और स्टेटस
अगर आप जानना चाहते हैं कि आपकी किस्त आई है या नहीं, तो पीएम किसान योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां Farmers Corner में Beneficiary Status विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद आधार नंबर, मोबाइल नंबर या रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करके अपनी जानकारी देख सकते हैं।
अगर रजिस्ट्रेशन नंबर भूल गए हैं, तो Know Your Registration Number विकल्प पर जाकर मांगी गई जानकारी भरें। ओटीपी और कैप्चा डालने के बाद आपका रजिस्ट्रेशन नंबर फिर से मिल जाएगा।
किसानों को मिलेगा सीधा फायदा
सरकार का कहना है कि यह योजना किसानों की आय बढ़ाने और खेती से जुड़े खर्चों में मदद करने के उद्देश्य से चलाई जा रही है। हर किस्त के साथ लाखों किसान आर्थिक सहायता प्राप्त कर रहे हैं, जिससे उन्हें खेती के काम में राहत मिलती है।









