चेन्नई सुपर किंग्स के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज अंबाती रायडू ने शनिवार एक ट्वीट कर सभी को चौंका दिया। दोपहर 12 बजकर 46 मिनट पर रायडू ने लिखा कि ये उनका आखिरी IPL है। ट्वीट होते ही हलचल मच गई, लेकिन 15 मिनट के भीतर ही रायडू ने ट्वीट डिलीट कर दिया। इसके बाद CSK के CEO काशी विश्वनाथन ने एक बयान में कहा- ‘नहीं, ऐसा नहीं है। वे रिटायर नहीं हो रहे हैं। ऐसा भी हो सकता है कि रायडू अपने प्रदर्शन से नाखुश हों। इसलिए मनोवैज्ञानिक दवाब में ऐसा हो गया हो। वह हमारे साथ रहेंगे। अगले साल भी वे CSK का हिस्सा होंगे’
रायडू ने किया चेन्नई और मुंबई का शुक्रिया
‘मुझे आपको बताते हुए खुशी हो रही है यह मेरा IPL का लास्ट सीजन होगा। मैंने इस लीग में दो टीमों से खेलते हुए 13 साल सुखद समय गुजारा है। इस सुखद यात्रा के लिए मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स को धन्यवाद कहना चाहूंगा।’
रायडू ने रिटायरमेंट वाला ट्वीट डिलीट करने में 15 मिनट ही लगाए, लेकिन इस दौरान लगभग आठ हजार लोगों ने इस पर रिएक्ट कर दिया।
रायडू का अकाउंट हैक नहीं हुआ
यह अंबाती रायडू के ट्विटर अकाउंट से 2020 के बाद पहला ट्वीट था। इससे उनके अकाउंट के हैक होने की आशंका जताई जा रही है। लेकिन बाद में यह भी क्लियर हो गया कि रायडू का अकाउंड हैक नहीं हुआ था।
इस IPL में रायडू की पारी
अंबती रायडू ने चेन्नई की ओर से मौजूदा सीजन में 12 मुकाबलों में 124.31 के स्ट्राइक रेट से 271 रन बनाए हैं। रायडू के ओवरऑल प्रदर्शन की बात करें तो वे IPL के 187 मैचों में 127.26 के स्ट्राइक रेट से 4187 रन बनाए चुके हैं। इनमें एक शतक और 22 अर्धशतक शामिल हैं। रायडू ने 349 चौके और 164 छक्के जमाए हैं।
(By: ABHINAV SHUKLA)