द्वारका पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद का आज 99 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में अपनी आखिरी सांस ली है। स्वामी स्वरूपानन्द सरस्वती का जन्म मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में जबलपुर के पास दिघोरी गांव में हुआ था। माता-पिता ने इनका नाम पोथीराम उपाध्याय रखा था। महज नौ साल की उम्र में ही स्वामी स्वरूपानंद ने घर छोड़ दिया और आध्यात्मिक यात्रा शुरू कर दी। जिसके बाद वह काशी पहुंचकर ब्रह्मलीन श्री स्वामी करपात्री महाराज से वेद-वेदांग, शास्त्रों और धर्म की शिक्षा ग्रहण की।
गांधी परिवार के करीबी थे स्वामी स्वरूपानंद
आपको बता दें कि स्वामी स्वरूपानंद को नेहरु-गांधी परिवार का काफी करीबी माना जाता था। इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी से लेकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी तक स्वामी स्वरूपानंद का आशीर्वाद ले चुके हैं। अक्सर गांधी परिवार स्वामी स्वरूपानंद के दर्शन के लिए मध्य प्रदेश जाता रहता था।
देश की आजादी के लिए लड़ाई भी लड़ी और जेल भी गए
साल 1942 में देश में अंग्रेजों के खिलाफ आजादी का आंदोलन चल रहा था। इस आंदोलन में स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती भी शामिल हुए थे। तब उनकी उम्र महज 19 साल थी। उन्होंने आजादी के लिए अंग्रेजों के खिलाफ मुहिम चलाई। जिसके बाद स्वामी स्वरूपानंद क्रांतिकारी साधु के रुप में प्रसिद्ध हुए थे। अंग्रेजों के खिलाफ मुहिम चलाने के लिए उन्हें पहले वाराणसी की जेल में नौ महीने और फिर मध्य प्रदेश की जेल में छह महीने रहना पड़ा। इस दौरान वह करपात्री महाराज के राजनीतिक दल राम राज्य परिषद के अध्यक्ष भी रहे।
1981 में स्वामी स्वरूपानंद को शंकराचार्य की मिली उपाधि
1950 में स्वामी स्वरूपानंद दंडी संन्यासी बनाये गए। दंडी संन्यासी को ग्रहस्थ जीवन से दूर रहना पड़ता है। उस दौरान उन्होंने ज्योतिषपीठ के ब्रह्मलीन शंकराचार्य स्वामी ब्रह्मानन्द सरस्वती से दण्ड-संन्यास की दीक्षा ली थी। इसके बाद से ही उनकी पहचान स्वामी स्वरूपानन्द सरस्वती के रूप में हुई।