नई दिल्लीः योग गुरु बाबा रामदेव महाराष्ट्र के ठाणे में एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे. इसी दौरान उन्होंने महिलाओं के कपड़ों पर आपत्तिजनक बयान दिया है. उन्होंने कहा कि महिलाएं साड़ी, सलवार और सूट में भी अच्छी लगती हैं, मेरी तरह कुछ ना भी पहनें तो भी अच्छी लगती हैं.
कार्यक्रम में रामदेव के साथ महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता भी मंच पर मौजूद थीं. जिसके बाद AAP के कार्यकर्ताओं ने बाबा रामदेव के बयान पर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष महिला मोर्चा हेमा भंडारी के नेतृत्व में चंद्राचार्य चौक पर प्रदर्शन कर अपना विरोध जताया.
वहीं, महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष हेमा भंडारी का कहना है, कि बाबा रामदेव की महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणी उनकी गलत मानसिकता को दर्शाती है. उन्हें योग गुरु नहीं, भोग गुरु कहना उचित होगा. उनका आपत्तिजनक बयान है कि महिलाएं साड़ी, सलवार सूट और बिना कपड़ों के भी अच्छी लगती हैं.
यह बयान महाराष्ट्र भाजपा सरकार के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस की उपस्थिति में दिया गया. महिलाओं के प्रति बाबा रामदेव की गंदी सोच निंदनीय और निंदनीय है. सार्वजनिक मंच पर महिलाओं के प्रति इस्तेमाल की गई अभद्र भाषा के लिए बाबा रामदेव को माफी मांगनी चाहिए.
महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष हेमा भंडारी ने कहा, बाबा रामदेव 4 जून 2011 की वह रात भूल गए, जब पुलिस की लाठी से बचने के लिए उन्होंने महिलाओं के सलवार सूट का सहारा लिया था. यह पहला मामला नहीं है जब रामदेव ने महिलाओं के प्रति इस तरह की भाषा का प्रयोग किया हो.
जबकि प्रदर्शन के दौरान विधानसभा अध्यक्ष हरिद्वार अनिल सती, जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा हरिद्वार ममता सिंह, विधानसभा अध्यक्ष महिला मोर्चा हरिद्वार रेखा देवी, वार्ड अध्यक्ष हरिद्वार गीता देवी, प्रवीण कुमार सिंह, रवि गुप्ता, कुलदीप चौबे, शुभम सैनी, मोहम्मद असफ आदि मौजूद रहे थे.





















