Fire Safety Concerns: दिल्ली बड़े शहरों में लगातार हो रहे अग्निकांड, सुरक्षा नियमों, तैयारियों पर उठे सवाल, लखनऊ हादसे ने बढ़ाई चिंता

लखनऊ में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद देशभर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था चर्चा में है। दिल्ली में भी पिछले कुछ वर्षों में कई बड़े हादसे हुए हैं, जिनमें दर्जनों लोगों की जान गई और कई घायल हुए।

Delhi Fire Safety Concerns

Fire Safety Concerns: लखनऊ के अलीगंज इलाके में स्थित तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में लगी भीषण आग में 15 लोगों की मौत के बाद एक बार फिर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। इस दर्दनाक घटना ने लोगों को उन बड़े हादसों की याद दिला दी है, जिनमें आग लगने के कारण कई परिवारों ने अपने प्रियजनों को खो दिया था।

दिल्ली में भी लगातार हो रहे हादसे

राजधानी दिल्ली में भी आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इस वर्ष हौजरानी, विवेक विहार, पालम और तुगलकाबाद एक्सटेंशन जैसे इलाकों में हुए बड़े अग्निकांडों में कई लोगों की जान गई। इन घटनाओं में सैकड़ों लोग घायल भी हुए। विशेषज्ञों का मानना है कि सुरक्षा नियमों का पालन न होना, अवैध निर्माण और आपातकालीन सुविधाओं की कमी ऐसे हादसों को और गंभीर बना देती है।

आंकड़े बढ़ा रहे चिंता

दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, इस वर्ष 21 मई तक आग लगने की 8,680 से अधिक सूचनाएं मिलीं। इन घटनाओं में 44 लोगों की मौत हुई, जबकि 326 लोग घायल हुए। अधिकारियों का कहना है कि अधिकतर मामलों में शॉर्ट सर्किट, सुरक्षा उपकरणों की कमी और नियमों की अनदेखी प्रमुख कारण बनकर सामने आए हैं।

संकरी गलियां बनी बड़ी चुनौती

दिल्ली में आग बुझाने के दौरान दमकल विभाग को सबसे अधिक परेशानी संकरी गलियों में होती है। कई बार बड़े दमकल वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाते। इसी समस्या को देखते हुए पहले 24 क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल शामिल किए गए थे। अब 26 और नए वाहन बेड़े में जोड़े जाने की तैयारी है। ये वाहन छोटी गलियों में तेजी से पहुंचकर शुरुआती स्तर पर आग पर काबू पाने में मदद करेंगे।

कर्मचारियों और संसाधनों की कमी

दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि केवल नए वाहन जोड़ने से समस्या पूरी तरह हल नहीं होगी। विभाग में कर्मचारियों की कमी और पर्याप्त दमकल केंद्रों का अभाव भी बड़ी चुनौती है। कई केंद्रों पर जरूरत के मुताबिक स्टाफ उपलब्ध नहीं है, जिससे आपात स्थिति में समय पर कार्रवाई प्रभावित हो सकती है।

दिल्ली के बड़े अग्निकांड

पिछले कुछ वर्षों में दिल्ली ने कई बड़े अग्निकांड देखे हैं। तुगलकाबाद एक्सटेंशन, हौजरानी, पालम और विवेक विहार की घटनाओं में कई लोगों की जान गई। इससे पहले अलीपुर की पेंट फैक्ट्री, विवेक विहार के नवजात अस्पताल, मुंडका की कमर्शियल बिल्डिंग, करोल बाग के होटल और फिल्मिस्तान स्थित अनाज मंडी में हुए हादसे भी काफी चर्चित रहे। इनमें दर्जनों लोगों की मौत हुई थी।

सुरक्षा नियमों के पालन की जरूरत

विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे हादसों को रोकने के लिए भवन निर्माण नियमों का सख्ती से पालन करना जरूरी है। साथ ही, समय-समय पर सुरक्षा जांच, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और लोगों को जागरूक करना भी बेहद महत्वपूर्ण है। जब तक इन व्यवस्थाओं को मजबूत नहीं किया जाएगा, तब तक ऐसे हादसों का खतरा बना रहेगा।

Exit mobile version