हरदोई में एक युवक के गले में चाकू लगने पर उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उसका इलाज चल रहा है। घायल युवक के परिवारवालों ने आरोप लगाया है कि शादी से इंकार करने पर उसकी प्रेमिका ने चाकू से हमला किया है। तो वहीं पुलिस के मुताबिक युवती गर्भवती है लड़के पक्ष ने शादी से इंकार किया तो लड़की पक्ष ने तहरीर दी थी, जिसके बाद शुक्रवार को दुष्कर्म का मुकदमा लिखा गया, जिसके बाद लड़के ने खुद अपने गले पर चाकू मारा है।
ये घटना हरदोई के कोतवाली शाहाबाद क्षेत्र की है। मोहल्ला हाता सुभान खां के रहने वाले कलीम शाह अपने बेटे समीर को शुक्रवार को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराने पहुंचे। समीर के गले पर चाकू से प्रहार कर उसे जख्मी किया गया था। कलीम शाह ने बताया कि समीर का एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जो हिंदू धर्म की है और दलित परिवार से आती है, लड़की गर्भवती भी है। इसलिए उनके परिवार ने शादी से इंकार कर दिया तो लड़की ने गुस्से में आकर चाकू से उनके बेटे पर प्रहार कर दिया, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया है। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज चल रहा है।
तो वहीं इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए एएसपी दुर्गेश सिंह ने बताया कि लड़का और लड़की के परिवार के बीच शादी की बात चल रही थी, लड़की गर्भवती है। लड़के के परिवार ने शादी करने से इनकार कर दिया। जिसके बाद लड़की की मां ने आज कोतवाली शाहाबाद में एक तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर आरोपी समीर के खिलाफ दुष्कर्म के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। प्रथम दृष्टया मोहल्ले के लोगों से हुई बातचीत के बाद यह सामने आया है कि लड़के ने मुकदमा लिखे जाने के बाद खुद पर खुद ही चाकू से प्रहार कर जख्मी कर लिया है। मामले की तफ्तीश की जा रही है, जल्द ही इस मामले में कानूनी कार्यवाही की जाएगी।