BRD Medical College News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित बाबा राघव दास (BRD) मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। एनेस्थीसिया विभाग के 32 वर्षीय जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर अबिषो डेविड का शव कॉलेज परिसर के 100 सीट वाले पीजी बॉयज हॉस्टल के कमरे में मिला। अबिषो मूल रूप से केरल के तिरुअनंतपुरम जिले के परास्सला क्षेत्र के निवासी थे। सुबह जब वह विभाग में नहीं पहुंचे तो डॉक्टरों ने हॉस्टल भेजा। कमरा अंदर से बंद था, दरवाजा तोड़ने पर शव बेड पर पड़ा मिला। मौत की वजह साफ नहीं है, पोस्टमार्टम के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस जांच कर रही है, सुसाइड नोट नहीं मिला है।
कमरे में बंद था दरवाजा, बेड पर मिला शव
शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे जब अबिषो डेविड अस्पताल नहीं पहुंचे, तो एनेस्थीसिया विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सतीश कुमार ने उन्हें बुलाने के लिए कर्मचारी को हॉस्टल भेजा। कर्मचारी ने लौटकर बताया कि दरवाजा अंदर से बंद है और खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिल रहा। स्थिति को गंभीर मानते हुए विभागाध्यक्ष खुद मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़ने का निर्देश दिया। दरवाजा तोड़कर जब कमरे में प्रवेश किया गया तो डॉक्टर अबिषो डेविड मृत अवस्था में बेड पर पड़े थे।
फॉरेंसिक टीम कर रही जांच, सुसाइड नोट नहीं मिला
BRD Medical College मौके पर पहुंची गुलरिहा थाना पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक टीम को बुलाया और जांच शुरू कर दी है। डॉक्टरों और कर्मचारियों के अनुसार अबिषो डेविड एक शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और किसी तनाव में नहीं दिखते थे। हालांकि, उनकी मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस को अब तक कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मौत स्वाभाविक थी या आत्महत्या—इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
मेडिकल कॉलेज परिसर में फैली अफरा-तफरी
इस घटना के बाद BRD Medical College में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रामकुमार जायसवाल समेत कई डॉक्टर और शिक्षक मौके पर पहुंचे। छात्रों और मरीजों के परिजनों की भीड़ हॉस्टल के बाहर जमा हो गई। जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर की अचानक हुई मौत से पूरा कैंपस स्तब्ध है। कॉलेज प्रशासन ने अबिषो डेविड के परिजनों को सूचित कर दिया है और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है।
आदर्श छात्र थे अबिषो, गमगीन साथी छात्र
साथी BRD Medical College छात्रों और शिक्षकों ने अबिषो डेविड को एक मेहनती, समर्पित और शांत स्वभाव का डॉक्टर बताया। उन्होंने बताया कि वह किसी विवाद में नहीं रहते थे और पढ़ाई व मरीजों की सेवा में पूरी तरह लगे रहते थे। उनकी असामयिक मौत ने साथियों को झकझोर कर रख दिया है। कॉलेज प्रशासन और छात्र समुदाय ने घटना पर दुख जताते हुए पूरी जानकारी सार्वजनिक जांच के बाद देने की बात कही है।













