Road Accident : उत्तर प्रदेश में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। हादसा लखनऊ-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अटरिया थाना क्षेत्र के सहजनपुर गांव के पास हुआ। तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
तीन युवकों की मौत
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली सहजनपुर गांव के पास पहुंची थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे डंपर ने ओवरटेक करने की कोशिश की और ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे में गोविंद (22), निवासी भुलभुलिया, नीलू (22), निवासी बिनौरा और आकाश (18), निवासी रानीपुरवा की मौत हो गई। तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दो की हालत गंभीर
हादसे में ट्रैक्टर चालक सुशील कुमार (30), निवासी भुलभुलिया और विकास (25), निवासी रानीपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों की मदद की। पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से सिधौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मजदूरी करके लौट रहे थे
बताया गया कि पांचों युवक लखनऊ में मजदूरी करते थे। काम खत्म होने के बाद सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में हुए हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। परिवारों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने डंपर कब्जे में लिया
क्षेत्राधिकारी सिधौली वेद प्रकाश श्रीवास्तव के मुताबिक, हादसे में शामिल डंपर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जा रहे हैं और घायलों का उपचार कराया जा रहा है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





















