Uttar Pradesh: गोरखपुर के शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणी उद्यान में हाल ही में एक बाघिन की मौत हुई थी। अब उसकी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि उसकी मौत बर्ड फ्लू H5 (Avian Influenza) की वजह से हुई है। इस रिपोर्ट के बाद पूरे प्रदेश में चौकसी बढ़ा दी गई है।
लखनऊ चिड़ियाघर कुछ दिनों के लिए बंद
संक्रमण के खतरे को देखते हुए, लखनऊ के नवाब वाजिद अली शाह प्राणी उद्यान को 14 मई से 20 मई 2025 तक के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। चिड़ियाघर की निदेशक अदिति शर्मा ने बताया कि इस दौरान सभी जानवरों पर गहरी नजर रखी जाएगी और अगर किसी में बीमारी के लक्षण दिखे तो तुरंत इलाज शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी ने की उच्चस्तरीय बैठक
प्रदेश में बर्ड फ्लू को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ जरूरी बैठक की। उन्होंने साफ कहा कि सभी प्राणी उद्यानों, पक्षी विहारों, नेशनल पार्कों, वेटलैंड्स और गो-आश्रय स्थलों में मौजूद जानवरों और पक्षियों की सुरक्षा को पहली प्राथमिकता दी जाए।
संक्रमण रोकने के लिए जरूरी कदम
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि,
प्राणी उद्यानों को समय-समय पर सैनिटाइज किया जाए।
जरूरत पड़ने पर ब्लो टॉर्चिंग का इस्तेमाल किया जाए।
सभी जानवरों और पक्षियों की स्वास्थ्य जांच की जाए।
उनके खाने को जांच के बाद ही परोसा जाए।
इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की गाइडलाइन्स के हिसाब से तत्काल कदम उठाए जाएं, ताकि संक्रमण फैलने से रोका जा सके।
कर्मचारियों की सुरक्षा भी जरूरी
सीएम योगी ने यह भी कहा कि चिड़ियाघर और अन्य वन क्षेत्रों में काम कर रहे सभी कर्मचारियों को पीपीई किट, मास्क, दस्ताने जैसे सुरक्षा उपकरण दिए जाएं। साथ ही उन्हें बर्ड फ्लू के लक्षण और सावधानियों की पूरी जानकारी दी जाए। कर्मचारियों की ड्यूटी संक्रमण के खतरे के अनुसार तय की जाए।















