Tigri Ganga Mela 2026: उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध तिगरी गंगा मेले की तैयारियां अब तेजी पकड़ने लगी हैं। गंगा की रेती में लगने वाले इस मेले में श्रद्धालुओं के स्वागत और मनोरंजन के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मेला स्थल पर झूले लगाने का काम शुरू हो गया है और इनके ढांचे खड़े किए जा चुके हैं। वहीं, बिजली व्यवस्था के लिए भी ठेकेदार अपनी टीम और सामान के साथ पहुंच गया है। मेले में बिजली की लाइनें बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है।
इसके साथ ही मेला क्षेत्र में सड़क निर्माण, रास्तों पर कांस और पूले बिछाने तथा अलग-अलग सेक्टर तैयार करने का काम भी तेजी से चल रहा है। प्रशासन ने सभी विभागों को तय समयसीमा के भीतर व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए अधिकारी और कर्मचारी लगातार मेला स्थल का जायजा ले रहे हैं।
सेक्टर 1 से 17 तक सड़कों का काम पूरा
मेला स्थल पर आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़क निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सेक्टर एक से लेकर 17 तक सड़कों को तैयार किया जा चुका है। गंगा की रेती में श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए रास्तों पर कांस और पूले बिछाए जा रहे हैं, ताकि लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो।
झूलों का ढांचा खड़ा होने के बाद अब उन्हें व्यवस्थित करने और बिजली कनेक्शन से जुड़े काम किए जा रहे हैं। मेला नजदीक आने के साथ ही तैयारियों की रफ्तार भी बढ़ गई है।
पुलिसकर्मियों के लिए बनाए जा रहे टेंट और बैरक
मेले में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस विभाग ने भी सुरक्षा इंतजाम तेज कर दिए हैं। बाहर से ड्यूटी पर आने वाले पुलिस अधिकारियों और जवानों के ठहरने के लिए कोतवाली परिसर में टेंट और बैरक तैयार किए जा रहे हैं।
योजना के मुताबिक, इंस्पेक्टरों के लिए 30 और सीओ के लिए 28 तंबू लगाए जाएंगे। इसके अलावा महिला पुलिसकर्मियों के लिए तीन बैरक और सिपाहियों के लिए सात बैरक बनाई जा रही हैं। पीएसी के जवानों के लिए पांच बैरक, घुड़सवार पुलिस के लिए एक बैरक और एक फ्लैट कंपनी के लिए भी अलग बैरक तैयार की जा रही है।
कंट्रोल रूम से रखी जाएगी मेले पर नजर
सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए कोतवाली परिसर में कंट्रोल रूम बनाने का स्थान चिह्नित कर लिया गया है। यहां टेंट लगाकर कंट्रोल रूम तैयार किया जा रहा है। इसके जरिए मेले में तैनात पुलिस बल और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं पर नजर रखी जाएगी।
15 नवंबर तक तैयारियां पूरी करने का लक्ष्य
तिगरी गंगा मेले में हर साल लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन के सामने समय रहते सड़क, बिजली, सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कराने की चुनौती है। तैयारियों को 15 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
गुरुवार को जिलाधिकारी ने मेला स्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को सभी काम समय से पूरे कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभागीय स्तर पर काम में तेजी लाई गई है। अब प्रशासन का जोर मेले के शुरू होने से पहले श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर है।























