नई दिल्ली: COVID-19 XE Variant: कोरोना के नए वैरिएंट सामने आने से लोगों ने चौथी लहर के आने का अंदेशा लगाना शुरू कर दिया है। कोरोना के नए वैरिएंट XE ने भी भारत के 2 राज्यों में दस्तक दे दी है। भारत में इस वैरिएंट से बचने के लिए सरकारों ने उचित कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। दुनिया के कई देशों में कोरोना के केस बढ़ रहे हैं, जिस कारण स्वास्थ एजेंसियों की चिंताएं बढ़ गई हैं। कोरोना की शुरुआत चीन से मानी जाती है। चीन की बात करें तो वहां पर बहुत बुरी स्थिति है। बढ़ते केसों के बाद चाइना में हालात काफी बिगड़ गए है।
रिपोर्ट के मुताबिक, चाइना में पिछले 24 घंटे में 1500 नए केस सामने आए हैं। इनमें से शंघाई में 1,189, जिलिन में 233, ग्वांगडोंग में 22, हैनान में 14 और झेजियांग में 12 मामले दर्ज किए गए हैं। एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक, चाइना में लगातार कोरोना के मामले बढ़ने के कारण दुनिया का सबसे सख्त लॉकडाउन लगाया गया है। लगातार चाइना के वीडियो सामने आ रहे हैं, जहां पर लोगों को खाना और आवश्यक चीजें भी उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। 5 अप्रैल से शहर में पूरी तरह से लॉकडाउन है। COVID-19 के सख्त लॉकडाउन के कारण वहां के लोगों को आवश्यक वस्तुओं तक पहुंचने के लिए भी काफी संघर्ष करना पड़ रहा है। यह कहना भी गलत नहीं होगा कि वहां के लोगों को खाना भी नसीब नहीं हो रहा है।
वहां के लोगों का कहना है कि वे लोग दिन में केवल एक बार भोजन करते हैं। शंघाई में महामारी से स्थिति बिगड़ती जा रही है। अधिकारियों का कहना है शहर अनिश्चित काल के लिए बंद रहेगा। जिसका मतलब है वहां के निवासियों को अपने घरों को छोड़ने की अनुमति नहीं है। वहां के स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि वायरस लोगों को काफी प्रभावित कर सकता है। साथ ही बुजुर्ग और बिना वैक्सीनेशन वाले लोगों को इसका जोखिम अधिक है। शंघाई में 1 मार्च से अब तक 1.30 लाख से अधिक COVID-19 मामले सामने आए हैं।