Meta Teen Safety: मेटा ने 18 साल से कम उम्र के यूजर्स के लिए फेसबुक और इंस्टाग्राम पर सुरक्षा उपायों को और सख्त करने की घोषणा की है। कंपनी के मुताबिक, इन बदलावों का उद्देश्य किशोरों के स्क्रीन टाइम को नियंत्रित करने के साथ उनकी ऑनलाइन सुरक्षा और डेटा प्राइवेसी को मजबूत करना है।
रोजाना दो घंटे की इस्तेमाल सीमा
नए सिस्टम के तहत फेसबुक और इंस्टाग्राम को मिलाकर किशोर यूजर्स के लिए रोजाना दो घंटे की डेली टाइम लिमिट रखी जाएगी। इस सीमा को माता-पिता की अनुमति के बिना हटाया नहीं जा सकेगा। इसके अलावा रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक फीड, स्टोरीज, रील्स और एक्सप्लोर पेज ब्लॉक रहेंगे।
स्कूल टाइम में नोटिफिकेशन होंगे म्यूट
सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक सामान्य पुश नोटिफिकेशन म्यूट रहेंगे। हालांकि सुरक्षा अलर्ट और डायरेक्ट मैसेजिंग उपलब्ध रहेगी। लगातार स्क्रॉलिंग पर भी यूजर्स को 15 मिनट बाद अलर्ट मिलेगा और 60 व 90 मिनट पर अतिरिक्त रिमाइंडर दिए जाएंगे।
एल्गोरिदमिक फीड और ऑटोप्ले पर कंट्रोल
किशोर नॉन-पर्सनलाइज्ड फीड को डिफॉल्ट विकल्प के तौर पर चुन सकेंगे। माता-पिता भी इसे लागू कर पाएंगे। वीडियो का ऑटोप्ले बंद करने का विकल्प मिलेगा, जबकि लाइक और रिएक्शन की संख्या डिफॉल्ट रूप से छिपी रहेगी।
अजनबी वयस्कों से संपर्क पर सख्ती
मेटा किशोर प्रोफाइल को डिफॉल्ट रूप से प्राइवेट रखने, संदिग्ध वयस्क अकाउंट्स को ब्लॉक करने और अजनबी वयस्कों के लिए किशोर यूजर्स को ढूंढना मुश्किल बनाने जैसे उपाय भी लागू करेगी। एक्सट्रीम कॉस्मेटिक फिल्टर पर भी रोक होगी।
उम्र की पहचान के लिए AI का इस्तेमाल
कंपनी उम्र की पुष्टि के लिए AI आधारित सिस्टम का इस्तेमाल करेगी। 13 साल से कम उम्र के अकाउंट्स की पहचान कर उन्हें हटाने और 13 से 17 साल के यूजर्स को अतिरिक्त सुरक्षा सेटिंग्स में रखने की व्यवस्था की जाएगी।









