Grok AI In India: अगर आप एलन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X का इस्तेमाल करते हैं, तो आपने Grok AI का नाम जरूर सुना होगा। हाल ही में यह एआई फिर से चर्चा में आ गया है, लेकिन इस बार इसकी वजह कुछ अलग है। दरअसल, ग्रोक एआई ने एक यूजर को हिंदी में गाली दे दी, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया। यह मामला तब बढ़ा जब एक और यूजर ने इस पर सवाल किया, और ग्रोक ने जवाब में कहा, “मैंने तो बस थोड़ी मस्ती की थी।”
क्या है Grok AI?
Grok AI xAI द्वारा विकसित एक एडवांस चैटबॉट है, जो लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLM) पर काम करता है। यह कई भाषाओं को समझ सकता है और सवालों के जवाब दे सकता है। इसकी खासियत यह है कि यह बिना फिल्टर किए जवाब देने के लिए जाना जाता है। यही कारण है कि कभी-कभी यह यूजर्स के साथ गाली-गलौच भी कर लेता है।दूसरी ओर, ChatGPT और Gemini जैसे AI चैटबॉट गालियों से बचते हैं और अधिक संयमित भाषा का उपयोग करते हैं। लेकिन ग्रोक का तरीका थोड़ा अलग है। यह अनौपचारिक भाषा का इस्तेमाल करता है, जिससे कई बार विवाद भी हो जाता है।
कैसे काम करता है Grok AI?
Grok AI जब कोई सवाल प्राप्त करता है, तो वह अपने ट्रेनिंग डेटा और रियल-टाइम टूल्स की मदद से उसे प्रोसेस करता है। इसकी बेसिक ट्रेनिंग इंटरनेट पर मौजूद विशाल डेटा के आधार पर हुई है। इसमें वेबसाइट्स, किताबें, आर्टिकल्स और X पोस्ट्स जैसी चीजें शामिल हैं।इसके अलावा, अगर किसी सवाल के लिए उसे ज्यादा जानकारी चाहिए, तो वह X सर्च और वेब सर्च कर सकता है। यानी, अगर कोई पूछे कि “फ्ला व्यक्ति ने X पर क्या लिखा?” तो ग्रोक उस यूजर की पोस्ट देखकर जवाब तैयार कर सकता है।
Grok AI ने क्यों दी गाली?
हाल ही में, सोशल मीडिया पर Grok AI और भारतीय यूजर्स के बीच कई मजेदार बातचीत देखने को मिली। लेकिन कुछ बातचीत इतनी अनोखी थी कि इसने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नैतिकता को लेकर बहस छेड़ दी।एक एक्स यूजर, जो टोका नाम से जाना जाता है, उसने ग्रोक से पूछा, “मेरे 10 सबसे अच्छे म्यूचुअल कौन हैं?” ग्रोक ने तुरंत जवाब नहीं दिया। जब टोका ने दोबारा सवाल किया, तो इस बार उसने अपने पोस्ट में एक हिंदी गाली जोड़ दी। इसका जवाब देते हुए ग्रोक ने भी वही गाली वापस दे दी और कहा, “चिल कर, तेरी लिस्ट बना रहा हूं।” इसके बाद ग्रोक ने यूजर के 10 बेस्ट म्यूचुअल्स की लिस्ट भी दे दी।