Yogi Cabinet Meeting: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की कैबिनेट ने जेल मैन्युअल में बड़ा बदलाव कर दिया है। बता दें की इसके तहत महिला बंदी अब जेलों में मंगलसूत्र पहन सकेंगी।
इन बड़े बदलाव के साथ-साथ बच्चों के जन्म पर उनका नामकरण संस्कार भी हो सकेगा। वहीं बंदियों के खानपान और महिला बंदियों के बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था जैसे कई बदलाव किए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में कुल 18 प्रस्तावों के गठन को मंजूरी दी गई है। बैठक में यूपी इको टूरिज्म बोर्ड के गठन का निर्णय लिया गया है। इसमें पर्यटन, वन, सिंचाई, उद्यान, जल, कृषि, ग्रामीण, आयुष, नगर विकास, परिवहन सहित 10 विभाग शामिल होंगे।
इसके अध्यक्ष प्रदेश के मुख्यमंत्री होंगे जबकि संबंधित विभाग के मंत्री इसके सदस्य होंगे। मुख्य सचिव इसके सचिव होंगे। आईआरसीटीसी व पांच विशेषज्ञ भी इसके सदस्य होंगे। यूपी में नए जेल मैन्युअल को मंजूरी मिलने के बाद ये बड़े बदलाव किये गए
जेल में होगी व्रत और रोजा रखने की व्यवस्था
जेल मैन्युअल में कई बड़े बदलाव के दौरान अब उत्तर प्रदेश की जेलों में अंग्रेज और राजा रजवाड़ों से जुड़ी सारी व्यवस्थाएं खत्म कर दी गई हैं। वहां व्रत और रमजान के समय रोजा की भी व्यवस्था रहेगी। कैंटीन खोली जाएगी। एक जिला एक उत्पाद के काउंटर भी खुलेंगे।
महिलाओं के लिए हाइजीन से जुड़ी व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जेलों में हाई सिक्योरिटी व्यवस्था स्थापित होगी।
लखनऊ कुकरैल में शुरू होगा नाईट सफारी
कैबिनेट बैठक में डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की नई पॉलिसी, नगर विकास के विभिन्न प्रस्ताव समेत कुकरैल में नाइट सफारी पार्क संबंधी प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली है।
News1 इंडिया ने यूपी के पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार से खास बातचीत की जिसमे अरुण कुमार ने कहा की- ‘लखनऊ कुकरैल के अंदर हम बहुत जल्द ही नाईट सफारी शुरू करने वाले है’.
बिजली विभाग की तीन कंपनियां मर्ज कर बनेगी एक कंपनी
बैठक के निर्णयों की जानकारी देते हुए ऊर्जा मंत्री अरविन्द शर्मा ने बताया कि तीन कंपनियों को मर्ज कर एक कंपनी बनाया जाएगा। पहली कंपनी राज्य उत्पादन विद्युत निगम, जल विद्युत उत्पादन निगम, जवाहर विद्युत उत्पादन निगम हैं। ये तीनों अब एक कंपनी के रूप में कार्य करेंगी। यूपी राज्य उत्पादन विद्युत निगम के नाम से यह नयी कंपनी होगी।
प्रतापगढ़ का मांधाता बाजार बनेगा नगर पंचायत
कैबिनेट के फैसले के अनुसार प्रतापगढ़ जिले में मंधाता बाजार में नयी नगर पंचायत का गठन होगा। जौनपुर में नगर पालिका परिषद मुंगरा बादशाहपुर का विस्तार किए जाने का भी प्रस्ताव पारित किया गया है।
कुकरैल वन क्षेत्र में होगा लायन सफारी का निर्माण
पर्यटन मन्त्री जयवीर सिंह ने बताया कि कुकरैल वन क्षेत्र में साढ़े तीन सौ एकड़ में लायन सफारी का निर्माण किया जाएगा। इसी लायन सफारी में चिड़ियाघर को शिफ्ट किया जाएगा। कुकरैल नदी पर रिवरफ्रंट का विकास किया जाएगा।