Assam Floods: असम में आई भीषण बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। ऐसे मुश्किल समय में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने अपने एनजीओ ‘बीइंग ह्यूमन’ (Being Human) के जरिए राहत अभियान शुरू किया है। इस पहल का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित परिवारों तक जरूरी राहत सामग्री पहुंचाना और उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है। इस अभियान में सलमान खान के फैन क्लब के सदस्य भी सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।
खाने से लेकर दवाइयों तक पहुंचाई जाएगी मदद
रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहत अभियान की शुरुआत प्रभावित इलाकों में तैयार भोजन (रेडी-टू-ईट फूड पैकेट) और आवश्यक सामान बांटने से की गई है। आने वाले दिनों में जरूरतमंद लोगों को राशन किट, पीने का स्वच्छ पानी, दवाइयां, सैनिटरी नैपकिन और मच्छर भगाने वाले स्प्रे जैसी जरूरी चीजें उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा बाढ़ से प्रभावित स्कूलों और अस्पतालों के पुनर्निर्माण में भी सहयोग करने की योजना बनाई गई है।
जमीनी स्तर पर शुरू हुआ राहत कार्य
जहां कई फिल्मी सितारे सोशल मीडिया के जरिए लोगों से सहायता की अपील कर रहे हैं, वहीं सलमान खान की टीम प्रभावित क्षेत्रों में सीधे राहत कार्यों में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि यह अभियान कई चरणों में चलाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक मदद पहुंचाई जा सके।
आलिया भट्ट ने भी की मदद की अपील
बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट ने भी असम बाढ़ को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लोगों से राहत कार्यों में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि राज्य को तत्काल और लंबे समय तक सहायता की जरूरत है। आलिया ने बताया कि वह जल्द ही ऐसे विश्वसनीय संगठनों की जानकारी साझा करेंगी, जिनके माध्यम से लोग प्रभावित परिवारों की मदद कर सकते हैं।
अब भी गंभीर बनी हुई है स्थिति
असम के कई जिलों में बाढ़ का असर अब भी बना हुआ है। सैकड़ों गांव जलमग्न हैं और बड़ी संख्या में लोग राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं। बाढ़ से कृषि, पशुधन और बुनियादी ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में पानी का स्तर घटने लगा है, लेकिन सामान्य स्थिति बहाल होने में अभी समय लग सकता है।







