UP Lok Sabha Election 2024 : उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान को लेकर तैयारियां (UP Lok Sabha Election Third Phase Voting Preparation) पूरी हो चुकी हैं। मंगलवार को यूपी में 10 सीट के लिए मतदान होना है। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से यह जानकारी दी गई है। बता दें कि तीसरे चरण के तहत यूपी की संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली सीट पर मतदान होगा। मंगलवार को करीब 1.88 करोड़ मतदाताओं के पास इस चरण में 100 उम्मीदवारों का भविष्य है। इनमें एक करोड़ से अधिक पुरुष वोटर्स और 87 लाख से अधिक महिला वोटर्स शामिल हैं।
तीसरा चरण सपा के लिए जरुरी
तीसरे चरण में केंद्रीय मंत्री एस. पी. सिंह बघेल आगरा से प्रत्याशी हैं। मैनपुरी से उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह और हाथरस से राजस्व राज्य मंत्री अनूप प्रधान वाल्मीकि चुनावी मैदान में हैं। समाजवादी पार्टी के लिए भी ये तीसरा चरण बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि यहां मैनपुरी सीट से डिंपल यादव फिर से हासिल करने के लिए जुटी हुई हैं। बता दें कि इस सीट पर उन्होंने अपने ससुर और सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद हुए उपचुनाव में जीत हासिल की थी।
यह भी पढ़ें : Lok Sabha Elections 2024: तीसरे फेज में इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर, 94 सीटों पर होगी वोटिंग
सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव फिरोजाबाद सीट को दोबारा जीतने की कोशिश करेंगे। 2014 में उन्होंने इस सीट पर जीत दर्ज की थी। सपा का गढ़ मानी जाने वाली बदायूं लोकसभा सीट से आदित्य यादव चुनावी शुरुआत कर रहे हैं। वर्ष 2014 में बदायूं सीट से आदित्य के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव जीते थे।
राजवीर सिंह कर रहे हैट्रिक की उम्मीद (UP Lok Sabha Election 2024)
वहीं यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता रहे कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह एटा से ‘हैट्रिक’ की उम्मीद कर रहे हैं। बरेली में भाजपा के छत्रपाल सिंह गंगवार और सपा के प्रवीण सिंह ऐरन के बीच कड़ा मुकाबला है। बता दें, इस सीट पर बसपा उम्मीदवार मास्टर छोटे लाल गंगवार का नामांकन पत्र खारिज हो गया है।
BJP ने 5 सीटों पर नए चेहरों पर लगाया दांव
गौरतलब हो कि तीसरे चरण की 10 लोकसभा सीटों पर हो रहे मतदान में बीजेपी ने पांच नए चेहरों पर दांव लगाया है। बरेली से संतोष गंगवार की जगह छत्रपाल सिंह गंगवार, बदायूं से संघमित्रा मौर्य की जगह दुर्विजय सिंह शाक्य, हाथरस से राजवीर सिंह दिलेर की जगह अनूप प्रधान वाल्मीकि, फिरोजाबाद से चंद्रसेन जादौन की जगह विश्वदीप सिंह और मैनपुरी लोकसभा सीट से जयवीर सिंह को पहली बार उम्मीदवारी सौंपी गई है।
यह भी पढ़ें : Lok Sabha Election 2024: मायावती ने बदला बस्ती सीट पर अपना दांव! अब चाचा भतीजे होंगे आमने-सामने, क्या इससे BJP को होगा फायदा?
4 सीटों पर BJP के पुराने उम्मीदवार बरकरार
इसके अलावा एटा, आगरा, आंवला और फतेहपुर सीकरी से बीजेपी ने विजयी प्रत्याशियों को बरकरार रखा है। संभल लोकसभा सीट से भाजपा ने परमेश्वर लाल सैनी को टिकट दिया है। कांग्रेस ने फतेहपुर सीकरी से रामनाथ सिंह सिकरवार को मैदान में उतारा है, जबकि उसके सहयोगी दल समाजवादी पार्टी ने बाकी नौ संसदीय क्षेत्रों से अपने कैंडिडेट्स उतारे हैं।
सभी पार्टियों ने जनता से मांगा समर्थन (UP Lok Sabha Election 2024)
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा उम्मीदवारों की जीत के लिए इन निर्वाचन क्षेत्रों में ताबड़तोड़ रैलियां की हैं। सीएम योगी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दो मई को बरेली, बदायूं और सीतापुर में चुनावी जनसभाएं की थीं। वरिष्ठ सपा नेता शिवपाल यादव ने अपने बेटे आदित्य यादव के खूब प्रचार किया। बीएसपी प्रमुख मायावती ने भी अपनी पार्टी के उम्मीदवारों का समर्थन करने के लिए जनता से अपील की। वहीं तीन मई को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पार्टी उम्मीदवार रामनाथ सिंह सिकरवार के लिए फतेहपुर सीकरी में रोड शो किया।