UP Nikay Chunav 2023 Live: आज प्रदेश के नगर निकाय चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए मतदान शुरु हो गया है। बता दें कि दूसरे चरण में 9 मंडल के 38 जिलों की 7 नगर निगम, 95 नगर पालिका, 267 नगर पंचायत पद और पार्षद सीटों के लिए वोटिंग जारी है। बरेली, अलीगढ़, शाहजहांपुर, मेरठ, गाजियाबाद,कानपुर और अयोध्या में लोग मेयर के लिए वोट डालेंगे। दूसरे चरण के निकाय चुनाव सभी दलों के लिए काफी अहम हैं।
इतने उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर…
बता दें कि 7 नगर निगम की मेयर सीटों के लिए 83 उम्मीदवार चुनावी रण में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इन्हीं नगर निगमों के पार्षद के 581 पद के लिए 3840, 95 नगर पालिका परिषदों के अध्यक्ष पद के लिए 969 और नगर पालिका के 2520 पार्षद सीटों के लिए 13315 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं। इसके अलावा 276 नगर पंचायत के अध्यक्षों के पद के लिए 2942 उम्मीदवार और 3459 सदस्यों के पद के लिए 17997 उम्मीदवार चुनावी रण में ताल ठोक रहे हैं।