UP Assembly Winter Session 2025: उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोडीन कफ सिरप के मुद्दे पर विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। सीएम योगी ने बिना नाम लिए राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में “दो नमूने” हैं—एक दिल्ली में और दूसरा लखनऊ में बैठता है। उन्होंने तंज कसा कि जब भी देश में गंभीर चर्चा होती है, ये दोनों नेता विदेश भाग जाते हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कफ सिरप से यूपी में कोई मौत नहीं हुई है और इस मामले में शामिल माफियाओं के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई और बुलडोजर एक्शन सुनिश्चित किया जाएगा।
UP Assemblyमें सीएम योगी के संबोधन के मुख्य बिंदु:
दो नमूनों पर तंज: सीएम योगी ने कहा, “देश के अंदर दो नमूने हैं, एक दिल्ली में बैठता है और दूसरा लखनऊ में। जब देश में कोई चर्चा होती है तो वे तुरंत देश छोड़कर भाग जाते हैं।” उन्होंने अखिलेश यादव को ‘बबुआ’ संबोधित करते हुए कहा कि वे फिर से इंग्लैंड घूमने निकल जाएंगे।
सपा पर सीधा आरोप: मुख्यमंत्री ने दावा किया कि कोडीन कफ सिरप के जिस बड़े होलसेलर को एसटीएफ ने पकड़ा है, उसे 2016 में समाजवादी पार्टी की सरकार ने ही लाइसेंस जारी किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध लेनदेन सपा के एक ‘लोहिया वाहिनी’ नेता के खाते से हुआ है।
यूपी में कोई मौत नहीं: सीएम ने UP Assembly को बताया कि कफ सिरप के सेवन से उत्तर प्रदेश में किसी की मृत्यु नहीं हुई है। मौतें तमिलनाडु में बने सिरप से अन्य राज्यों में हुई हैं। यूपी में इसका उत्पादन नहीं, केवल डायवर्जन (अवैध बिक्री) होता है।
कड़ी कार्रवाई का वादा: सरकार ने अब तक इस मामले में 79 केस दर्ज किए हैं और 225 अभियुक्तों को नामजद किया है। योगी ने चेतावनी दी कि माफियाओं पर बुलडोजर चलेगा और उस समय विपक्ष को “चिल्लाना” नहीं चाहिए।
जांच के आंकड़े (SIT & STF):
विवरण | संख्या |
दर्ज मामले | 79 |
नामजद अभियुक्त | 225 |
गिरफ्तारियां | 78 |
छापेमारी (फर्म) | 134 |
योगी आदित्यनाथ ने अंत में विपक्ष पर पढ़ाई-लिखाई से वास्ता न होने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह मामला दवाओं के ‘एडिटेशन’ का नहीं बल्कि ‘अवैध डायवर्जन’ का है।










