Meerut News : मेरठ के जिला अस्पताल के महिला वार्ड में सोमवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। अस्पताल के कर्मचारी जब महिला टॉयलेट की सफाई कर रहे थे, तभी कंबोड में फंसा एक 7 महीने का भ्रूण मिला। इस दृश्य को देखकर कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। भ्रूण की वजह से शौचालय भी चोक हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही देहली गेट थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भ्रूण की मृत्यु का कारण और समय का स्पष्ट पता चलेगा।
जिला अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) सुदेश कुमारी ने बताया कि सफाई के दौरान जब भ्रूण मिला, तो प्रशासन ने बिना देरी किए पुलिस को सूचित कर दिया। अस्पताल के सभी कर्मचारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए गए हैं।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी महिला की तलाश
घटना की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि उस महिला की पहचान हो सके जिसने भ्रूण को शौचालय में फेंका। पुलिस और अस्पताल प्रशासन मिलकर इस संवेदनशील मामले की गहन जांच कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : नुकसान मंजूर, लेकिन पाकिस्तान से व्यापार नहीं भारतीय व्यापारियों का दृढ़ संकल्प…
इस घटना ने न केवल अस्पताल प्रशासन बल्कि पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। समाज में भ्रूण हत्या जैसे गंभीर मुद्दे पर एक बार फिर बहस शुरू हो गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सच्चाई सामने लाकर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।