International Yoga Day: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को प्रदेशभर में भव्य रूप से मनाया जाएगा। कार्यक्रमों की सफलता सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने सभी जिलों में मंत्रियों और नोडल अधिकारियों की तैनाती कर दी है। सरकार का उद्देश्य योग दिवस को जनभागीदारी वाला अभियान बनाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल हो सकें।
झांसी में योग करेंगे मुख्यमंत्री योगी
मुख्यमंत्री Yogi Adityanath झांसी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं उप मुख्यमंत्री Keshav Prasad Maurya प्रयागराज और Brajesh Pathak लखनऊ में आयोजित कार्यक्रमों की कमान संभालेंगे। सरकार ने विभिन्न जिलों में मंत्रियों की मौजूदगी सुनिश्चित कर कार्यक्रमों की निगरानी की व्यवस्था की है।
कई वरिष्ठ मंत्रियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
वित्त मंत्री Suresh Kumar Khanna शाहजहांपुर, कृषि मंत्री Surya Pratap Shahi देवरिया, जल शक्ति मंत्री Swatantra Dev Singh गोरखपुर तथा महिला कल्याण मंत्री Baby Rani Maurya आगरा में योग दिवस कार्यक्रमों में शामिल होंगी। इसके अलावा लक्ष्मी नारायण चौधरी को मथुरा और जयवीर सिंह को मैनपुरी की जिम्मेदारी दी गई है।
अन्य जिलों में भी तैनात किए गए मंत्री
धर्मपाल सिंह को बरेली, नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ को चित्रकूट, अनिल राजभर को चंदौली, राकेश सचान को कानपुर, अरविंद कुमार शर्मा को मऊ और योगेन्द्र उपाध्याय को फिरोजाबाद में कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं आशीष पटेल, संजय निषाद, ओम प्रकाश राजभर, दारा सिंह चौहान, सुनील कुमार शर्मा, अनिल कुमार, भूपेन्द्र चौधरी और मनोज पांडेय को भी अलग-अलग जिलों में निगरानी और संचालन का दायित्व दिया गया है।
राज्यमंत्रियों को भी मिली अहम भूमिका
मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद द्वारा जारी पत्र में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नामित मंत्रियों और नोडल अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर तैयारियां समय से पूरी करें। साथ ही योग दिवस को जनआंदोलन का स्वरूप देने और अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है।









