पिता से विवाद के बाद लापता हुआ फरहान, अगले दिन पेड़ से लटका मिला,हत्या या आत्महत्या? युवक की मौत ने उठाए कई सवाल

रहीमाबाद के दिलावर नगर गांव में 22 वर्षीय युवक फरहान का शव आम के बाग में फंदे से लटका मिला। पिता से विवाद के बाद घर से निकले युवक की मौत पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

Rahimabad Farhan death case

Rahimabad Farhan death case:राजधानी के रहीमाबाद क्षेत्र के दिलावर नगर गांव में एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना सामने आई है। यहां 22 वर्षीय ट्रैक्टर चालक फरहान का शव शुक्रवार दोपहर गांव से लगभग 500 मीटर दूर एक आम के बाग में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पिता से विवाद के बाद घर से निकला था फरहान

ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, फरहान का अपने पिता शमशुद्दीन से ट्रैक्टर की कमाई के हिसाब को लेकर विवाद हुआ था। पिता हाल ही में नेपाल से मजदूरी कर ईद मनाने घर लौटे थे। गुरुवार शाम कहासुनी के बाद फरहान बिना रोज़ा खोले ही घर से निकल गया और रात भर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसे ढूंढने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला।

 आम के बाग में मिला शव, गांव में मचा कोहराम

शुक्रवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे ग्रामीणों ने फरहान का शव नसीम के आम के बाग में लटका देखा और परिवार को सूचना दी। खबर मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और परिवार में मातम छा गया। फरहान की मां का पहले ही निधन हो चुका है और वह अपने छोटे भाई और तीन बहनों का सहारा था।

 हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

मृतक के चाचा कमरुद्दीन ने इस घटना को हत्या बताते हुए आरोप लगाया है कि फरहान की हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया है। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर निष्पक्ष जांच और पोस्टमार्टम की मांग की है।

 पुलिस का बयान

इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुनायक के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 ईद की खुशियां मातम में बदलीं

ईद से ठीक पहले इस घटना ने पूरे परिवार की खुशियों को गहरे शोक में बदल दिया है। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं और सभी की नजर अब पुलिस जांच पर टिकी हुई है।

Exit mobile version