यूपी में क्यों अटकी 70 जिला अध्यक्षों की लिस्ट, कहां फंसा है पेंच?

UP BJP district President list: बीजेपी की योजना के अनुसार, 30 दिसंबर तक नए जिलाध्यक्षों की सूची जारी हो जानी चाहिए थी, लेकिन आंतरिक मतभेद और अन्य कारणों से यह प्रक्रिया लगातार टलती रही।

UP BJP district President list

UP BJP district President list

उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अब तक नए जिलाध्यक्षों (UP BJP district President list) की घोषणा नहीं कर पाई है। पार्टी के भीतर सामाजिक समीकरणों और आंतरिक खींचतान के चलते यह मामला अटका हुआ था। लेकिन अब अटकलों पर जल्द ही विराम लग सकता है। जिला अध्यक्षों के साथ प्रदेश अध्यक्ष के नाम का भी ऐलान होगा। सूत्रों की मानें तो भूपेंद्र चौधरी दोबारा वापसी कर सकते हैं। वहीं प्रदेश में कई महानगर अध्यक्षों को भी दोबारा मौका मिल सकता है, तो दूसरे कई जिलों में नए महानगर अध्यक्षों की लिस्ट भी जारी हो सकती है। बीजेपी के उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावडे के पास प्रस्तावित सूची पहुंच चुकी है जिसे कुछ एक-दो दिन में ही जारी किया जा सकता है।

दो महीने से लटकी हुई है जिला अध्यक्षों की सूची

बीजेपी की योजना के अनुसार, 30 दिसंबर तक नए जिलाध्यक्षों की सूची जारी हो जानी चाहिए थी, लेकिन आंतरिक मतभेद और अन्य कारणों से यह प्रक्रिया लगातार टलती रही। पहले महाकुंभ फिर दिल्ली चुनाव और अन्य राजनीतिक गतिविधियों की वजह से इस सूची को अंतिम रूप देने में देरी होती गई। यूपी बीजेपी ने शुरुआती सूची में 70 जिला अध्यक्षों के नाम भेजे गए थे, लेकिन महिलाओं और वंचित वर्गों की भागीदारी कम होने के कारण उसे वापस कर दिया गया।

महिलाओं और वंचित वर्गों को मिलेगा अधिक प्रतिनिधित्व  

केंद्रीय नेतृत्व ने निर्देश दिया है कि महिलाओं और समाज के पिछड़े वंचित वर्गों को उचित स्थान दिया जाए। लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण के प्रावधान को देखते हुए, बीजेपी चाहती है कि जिलाध्यक्षों में भी महिला नेतृत्व को बढ़ावा दिया जाए। इसके अलावा, विपक्षी दलों के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण के जवाब में बीजेपी भी पिछड़ों और दलितों को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी वजह से अब सूची पर दोबारा विचार किया जा रहा है।

विनोद तावड़े के पास जिला अध्यक्षों की लिस्ट

जानकारी के मुताबिक, विनोद तावड़े के पास जिला अध्यक्षों की लिस्ट पहुंच गई है। बताया जा रहा है कि पश्चिम के क्षेत्रीय अध्यक्ष की लिस्ट भी तैयार हो चुकी है। मोहित बेनीवाल, अश्वनी त्यागी और देवेंद्र चौधरी ये तीनों नाम पश्चिम के क्षेत्रीय अध्यक्ष की दौड़ में शामिल है। वहीं, प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में अमरपाल मौर्य, बीएल संतोष वर्मा, हरीश द्विवेदी का भी नाम शामिल है। भूपेंद्र चौधरी रिपीट होने की लगातार कोशिश कर रहे हैं। भूपेंद्र चौधरी दिल्ली में रहकर लॉबिंग कर रहे हैं।

जिला अध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष के नाम फाइनल

सूत्रों के मुताबिक कुछ जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष के नाम लगभग फाइनल हो गए हैं। इसमें बुलंदशहर से विकास चौहान रिपीट होंगे, बिजनौर से बिजेंदर उर्फ बॉबी रिपीट होंगे, मेरठ जिले से शिवकुमार राणा रिपीट होंगे, महानगर से नकुल रस्तोगी रिपीट होंगे, गाजियाबाद से मयंक गोयल महानगर अध्यक्ष होंगे, संभल जिले में रिंकू चौधरी का नाम तय माना जा रहा है। अमरोहा से उदयगिरि गोस्वामी का नाम तय है। जबकि हापुड़, शामली, अलीगढ़ और हाथरस फिलहाल होल्ड पर हैं।

Exit mobile version