Women Empowerment Budget UP: योगी आदित्यनाथ सरकार ने बजट 2026-27 में महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए कई अहम फैसले लिए हैं। बजट पेश करते समय वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रदेश की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर सरकार का खास ध्यान है। सरकार चाहती है कि महिलाएं सिर्फ घर तक सीमित न रहें, बल्कि हर क्षेत्र में आगे बढ़ें। इसी लक्ष्य के साथ महिलाओं के लिए खास कौशल प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़ी योजनाओं का ऐलान किया गया है।
खुलेंगे नए जॉब सेंटर
बजट में घोषणा की गई है कि प्रदेश में महिलाओं के लिए विशेष कौशल विकास और जॉब प्लेसमेंट केंद्र खोले जाएंगे। ये केंद्र महिलाओं को बाजार की जरूरत के अनुसार तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण देंगे।
इन केंद्रों का मकसद सिर्फ ट्रेनिंग देना ही नहीं, बल्कि महिलाओं को सम्मानजनक नौकरी दिलाना भी होगा। सरकार चाहती है कि प्रशिक्षण के बाद महिलाओं को सीधे रोजगार से जोड़ा जाए, ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
ट्रेनिंग सेंटर होंगे मजबूत
सरकार ने मौजूदा कौशल विकास केंद्रों की क्षमता बढ़ाने का भी फैसला लिया है। इसके लिए बजट में पर्याप्त धन का प्रावधान किया गया है। इससे ज्यादा से ज्यादा युवाओं और महिलाओं को प्रशिक्षण मिल सकेगा। सरकार की योजना है कि गांव और शहर दोनों जगह की महिलाएं आधुनिक तकनीक और उद्योगों के हिसाब से प्रशिक्षित हों। इससे उन्हें स्वरोजगार शुरू करने या बड़ी कंपनियों में नौकरी पाने में आसानी होगी।
मोबाइल निर्माण में यूपी आगे
वित्त मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश अब देश का सबसे बड़ा मोबाइल फोन बनाने वाला राज्य बन चुका है। भारत में बनने वाले कुल मोबाइल फोन का लगभग 65 प्रतिशत उत्पादन यूपी में हो रहा है।
प्रदेश का इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात भी तेजी से बढ़ा है और यह 44,744 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। देश की करीब 55 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट इकाइयां अब उत्तर प्रदेश में हैं। इससे महिलाओं के लिए लाखों नए रोजगार के अवसर बनने की उम्मीद है।
निवेश और रोजगार में बढ़त
बजट भाषण में प्रदेश की आर्थिक प्रगति के आंकड़े भी सामने आए। वर्ष 2018-19 में यूपी निवेश के मामले में 29वें स्थान पर था, जो अब 2023-24 में 18वें स्थान पर पहुंच गया है।
प्रदेश में लगभग 50 लाख करोड़ रुपये के एमओयू साइन हुए हैं, जिससे करीब 10 लाख नए रोजगार मिलने की संभावना है। अब तक 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश वाली 16 हजार से ज्यादा परियोजनाएं जमीन पर शुरू हो चुकी हैं।
स्टार्टअप में यूपी की पहचान
तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्टार्टअप रैंकिंग में अब यूपी को ‘लीडर श्रेणी’ में जगह मिली है। सरकार का मानना है कि महिलाओं के लिए बनने वाले नए जॉब प्लेसमेंट सेंटर इस उपलब्धि को और मजबूत करेंगे। इससे प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ेगी।







