Uttar Pradesh : 19 अप्रैल, 2026 उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए नियमों में बड़े बदलाव किए हैं। अब स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं को बैलेंस खत्म होने के बाद भी बिजली कटौती से जूझना नहीं पड़ेगा। सरकार ने ‘ज़ीरो बैलेंस’ की स्थिति में भी बैकअप सप्लाई और डिस्कनेक्शन की प्रक्रिया को और अधिक उदार बना दिया है।
45 दिन तक सुरक्षित रहेगा कनेक्शन
नई व्यवस्था के अनुसार, जिन घरों में अभी हाल ही में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, उन्हें एक विशेष छूट दी गई है।
कन्वर्जन अवधि: शुरुआती 15 दिन की कन्वर्जन अवधि मिलेगी।
ग्रेस पीरियड: इसके बाद अगले 30 दिन तक यानी कुल 45 दिनों तक किसी भी स्थिति में बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।
ज़ीरो बैलेंस पर भी 3 दिन की ‘उधारी’
छोटे उपभोक्ताओं (2 किलोवाट भार तक) के लिए मंत्री ने विशेष राहत दी है। अब अगर आपके मीटर का बैलेंस खत्म होकर ‘शून्य’ हो जाता है, तब भी:
अधिकतम 3 दिन या 200 रुपये तक की बिजली आपूर्ति जारी रहेगी।
इससे उपभोक्ताओं को रिचार्ज करने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।
5-स्तरीय एसएमएस अलर्ट सिस्टम
उपभोक्ताओं को जागरूक रखने के लिए अब एक साथ पांच अलर्ट भेजे जाएंगे। बैलेंस की स्थिति के अनुसार ये मैसेज मिलेंगे:
बैलेंस 30% बचने पर।
बैलेंस 10% रहने पर।
बैलेंस पूरी तरह खत्म होने पर।
डिस्कनेक्शन से एक दिन पहले।
डिस्कनेक्शन के ठीक बाद।
पुराने मीटर बदलने पर लगी रोक
ऊर्जा मंत्री ने यह स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री द्वारा गठित तकनीकी समिति की रिपोर्ट आने तक पुराने मीटरों को स्मार्ट मीटर में बदलने की प्रक्रिया फिलहाल रोक दी गई है।
रविवार और छुट्टी के दिन ‘नो पावर कट’
सरकार ने साफ कर दिया है कि रविवार या किसी भी सार्वजनिक अवकाश के दिन किसी भी उपभोक्ता का कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। इसके अलावा, गर्मी को देखते हुए निर्बाध बिजली आपूर्ति (24×7 Supply) के निर्देश दिए गए हैं।








