Uttar Pradesh Mango Festival 2026: आम प्रेमियों के लिए राजधानी लखनऊ में एक खास आयोजन होने जा रहा है। गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 3 से 5 जुलाई तक उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय इस महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। महोत्सव में सात श्रेणियों और 56 वर्गों में 800 से अधिक आम की प्रजातियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
देशभर के बागवान और निर्यातक होंगे शामिल मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश के अलावा मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के उद्यान विभागों के प्रतिनिधि, प्रगतिशील बागवान और आम निर्यातक भी महोत्सव में भाग लेंगे। प्रदर्शन के लिए रखे गए आम के पौधे बिक्री के लिए भी उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे महोत्सव से कम से कम एक पौधा खरीदकर उसका रोपण अवश्य करें।
बच्चों की प्रतियोगिताएं रहेंगी आकर्षण
महोत्सव में बच्चों के लिए आम खाने की प्रतियोगिता और आम से बने व्यंजनों की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं किसानों और बागवानों के लिए उन्नत तकनीक, तुड़ाई उपरांत प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा विपणन से जुड़ी विशेष कार्यशालाएं भी आयोजित होंगी। 4 जुलाई को जन भवन, लखनऊ में पहली बार आम क्रेता-विक्रेता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिससे किसानों को सीधे बाजार और खरीदारों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।इसकी जानकारी उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने पत्रकार वार्ता में दी।
आम उत्पादन में उत्तर प्रदेश देश में नंबर-वन
दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश आम उत्पादन के मामले में देश में प्रथम स्थान पर है। प्रदेश के 3.27 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में लगभग 61.96 लाख मीट्रिक टन आम का उत्पादन होता है, जो देश के कुल उत्पादन का 26.22 प्रतिशत है। दशहरी, लंगड़ा, चौसा, लखनऊ सफेदा, रटौल और आम्रपाली जैसी प्रसिद्ध किस्मों का उत्पादन प्रदेश के कई मंडलों में बड़े पैमाने पर होता है।
विदेशों में बढ़ी यूपी के आम की मांग
एपीडा के अनुसार वर्ष 2025-26 में प्रदेश से 3,563 मीट्रिक टन आम और पल्प का ₹12.67 करोड़ मूल्य का निर्यात किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में कई गुना अधिक है। यूपी का आम यूनाइटेड किंगडम, यूएई, सऊदी अरब, मलेशिया, सिंगापुर, जापान, इटली, कतर और रूस सहित कई देशों में निर्यात किया जा रहा है। इसके लिए लखनऊ, सहारनपुर, वाराणसी और अमरोहा में आधुनिक मैंगो पैक हाउस स्थापित किए गए हैं, जबकि जेवर एयरपोर्ट के पास टेस्टिंग एवं ट्रीटमेंट सेंटर भी विकसित किया जा रहा है। इससे प्रदेश के आम को अंतरराष्ट्रीय बाजार में और मजबूत पहचान मिलने की उम्मीद है।
