Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। बुधवार को भी प्रयागराज और वाराणसी समेत कई जिलों में बादलों और धूप के बीच आंख-मिचौली चलती रही। अब मौसम विभाग ने गुरुवार, 7 मई को भी प्रदेश के करीब 40 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। इसके साथ ही कई इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वांचल तक कई जिलों में बादल छाए रह सकते हैं। कुछ जगहों पर तेज बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है। विभाग ने बताया कि 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि अब बारिश का यह दौर धीरे-धीरे खत्म होने लगा है।
लखनऊ में बादल और धूप का खेल
राजधानी लखनऊ में सुबह से मौसम बदला-बदला नजर आ रहा है। कहीं हल्के बादल दिखाई दे रहे हैं तो कहीं तेज धूप निकल रही है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि दोपहर के बाद मौसम साफ होने की संभावना है। लखनऊ में आज अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
वहीं दूसरी तरफ नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद जैसे एनसीआर इलाकों में मौसम फिलहाल साफ बना हुआ है। यहां सुबह से ही तेज धूप निकल रही है और दिन बढ़ने के साथ गर्मी भी तेज महसूस होगी। इन इलाकों में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।
किन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने लखनऊ, सीतापुर, शाहजहांपुर, हरदोई, बहराइच, बाराबंकी, श्रावस्ती, फर्रुखाबाद, कन्नौज, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, इटावा, औरैया, कासगंज, संभल, अमरोहा, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, जालौन, झांसी और ललितपुर समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
इसके अलावा बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, चंदौली और सोनभद्र में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इन इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
अगले हफ्ते लौटेगी तेज गर्मी
मौसम विभाग का कहना है कि 8 मई के बाद प्रदेश में मौसम फिर से साफ होने लगेगा। बारिश रुकते ही तापमान तेजी से बढ़ेगा। अगले सात दिनों में पारा 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। यानी लोगों को एक बार फिर तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम दिखाई दे रही है।









