23 दिसंबर 2022 को कोच्चि में IPL 2023 के लिए मिनी ऑक्शन हुआ, कई खिलाड़ियों पर करोड़ों की बोली लगी, लेकिन इंग्लैंड के युवा ऑलराउंडर सैम करन के नाम इस ऑक्शन में इतिहास बन गया। सैम करन IPL यानी इंडियन प्रेमियर लीग के अब तक खरीदे जाने वाले सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। करन का बेस प्राइस तो 2 करोड़ था मगर काफी टीमों की नजर उन पर थी जिस कारण ये बोली 2 करोड़ से उठकर 18 करोड़ 50 लाख तक पहुंच गई और आखिरकार पंजाब किंग्स ने 18 करोड़ 50 लाख रूपए में सैम करन को अपने खेमे में शामिल किया, पंजाब की टीम ने ऑक्शन से पहले कप्तान मयंक अग्रवाल सहित 9 खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया था और पंजाब ने सैम करन सहित इस ऑक्शन में 6 खिलाड़ी खरीदे।
सैम करन की चमकी किस्मत
2022 IPL में सैम करन नहीं खेले थे इससे पहले 2021 में सैम करन चेन्नई सुपर किंग्स की टीम का हिस्सा थे वहां उन्हें 5.5 करोड़ रूपए में खरीदा गया था। 2023 IPL में उनकी वापसी ने उनकी किस्मत चमका दी इस बार करन को पंजाब किंग्स ने 18.5 करोड़ रूपए में खरीदा यानी उनकी कीमत में पूरे 13 करोड़ का इजाफा हो गया।
सैम करन ने रचा इतिहास
2022 के मिनी ऑक्शन में सैम करन ने इतिहास रच दिया और वे IPL के अब तक के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए, बता दें उनसे पहले IPL के सबसे महंगे खिलाडी दक्षिण अफ्रीका के क्रिस मॉरिस थे जिन्हें राजस्थान रॉयल्स ने 2021 में 16.25 करोड़ रूपए में खरीदा था।
आखिर क्यों पंजाब ने सैम करन पर खेला इतना बड़ा दांव
सैम करन एक बहुत ही अच्छे ऑलराउंडर हैं, गेंदबाजी के साथ-साथ वे अच्छी खासी बल्लेबाजी भी कर लेते हैं। अगर हम आंकड़ो की बात करें तो गेंदबाजी में उन्होने अबतक IPL में 32 मैचों में 108 ओवर गेंदबाजी की है जिनमें उन्होने 995 रन देकर 32 विकेट लिए हैं उनकी पूरे IPL की इकॉनॉमी 9.21 की है, साथ ही IPL में उनका बेस्ट प्रदर्शन 11 रन देकर 4 विकेट लेने का है।
सैम करन अपनी टीम को बल्लेबाजी में भी मदद करते हैं IPL में उन्होने 32 मौचों में करीब 150 के स्ट्राइक रेट के साथ 337 रन बनाए हैं और IPL में नाबाद 55 रन उनका अधिकतम स्कोर है।
IPL में तो करन एक ऑलराउंडर के तौर पर अच्छा करते ही रहे हैं लेकिन उन्हें 2023 के सीजन में सबसे महंगा बनाया 2022 के टी20 विश्व कप ने। इस साल ऑस्ट्रेलिया में हुए टी20 वर्ल्ड कप इंग्लैंड ने ही जीता जिसमें सैम करन की अहम भूमिका रही थी। इतना ही नहीं टी20 विश्व कप के इस सीजन में सैम करन ने 13 विकेट लिए थे और अपने ओवरऑल प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया था। लिहाजा सैम करन की इस फॉर्म और टीम में जरूरत को देखते हुए पंजाब ने 18.5 करोड़ में ये डील मुनासिब समझी होगी।