यूपी में समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी लोकसभा सीट खाली हो गई है। जिसके बाद अब कयास लगाए जाने लगे है कि सपा पार्टी मैनपुरी लोकसभा सीट से तेज प्रताप यादव को मैदान में उतार सकती है। आपको बता दें कि तेज प्रताप यादव इससे पहले भी मैनपुरी से सांसद रह चुके हैं। मिली जानकारी के अनुसार एक बार फिर से समाजवादी पार्टी में तेज प्रताप यादव को मैनपुर से उम्मीदवार बनाने को लेकर सहमति देखने को मिल रही है।
सीट को बचाए रखना अखिलेश के लिए चुनौती
गौरतलब है कि मुलायम सिंह यादव के निधन से मैनपुरी लोकसभा सीट खाली हो गई है। जिसके बाद मैनपुरी लोकसभा सीट पर छह महीने के अंदर ही उपचुनाव होने हैं। वहीं मैनपुरी लोकसभा सीट को समाजवादी पार्टी का मजबूत किला माना जाता है। इसलिए इस सीट को बचाए रखना अखिलेश यादव के लिए बड़ी चुनौती है। जानकारी के अनुसार सामजवादी पार्टी द्वारा इस सीट से परिवार के ही अन्य किसी को मैदान में उतारने के कयास लगाए जा रहे हैं।
यहां से 3 लाख वोटों से जीते थे तेज प्रताप
जिसके चलते मैनपुरी सीट से अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव और जसवंत नगर से विधायक शिवपाल यादव को उतारने के नाम पर भी परिवार में चर्चा हुई है। लेकिन सभी की सहमति तेज प्रताप यादव को लेकर बन रही है। तेज प्रताप मुलायम सिंह के बड़े भाई रतन सिंह यादव के पोते हैं। तेज प्रताप सिंह ने 2014 में मैनपुरी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में प्रताप सिंह 3 लाख से अधिक वोटों से जीतकर होकर लोकसभा पहुंचे थे। वहीं तेज प्रताप यादव की शादी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की बेटी राजलक्ष्मी के साथ हुई है।
चाचा शिवपाल को मना रहा परिवार
बता दें कि जहां एक और मुलायम यादव के निधन के बाद परिवार अब चाचा शिवपाल सिंह यादव को मनाने में जुट गया है। तो वहीं बुधवार को शिवपाल यादव संभल के कल्कि महोत्सव में पहुंचे थे। जहां उन्होंने कहा कि वे अभी भी सपा में बड़ी जिम्मेदारी मिलने का इंतजार कर रहे हैं। इसके अलावा सपा में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी वे इस मामले पर कुछ कह नहीं सकते।