नई दिल्ली: 21 फरवरी साल 1991 ये वो तारीख है, जिसे सिनेमा के इतिहास में हमेशा याद किया जाता रहा है। इस तारीख के याद किए जाने की वजह एक ऐसी एक्ट्रेस रही, जिन्होंने सिनेमा का एक अलग ही रुप दिखाया। वसंत ऋतु वैसे तो सिनेमा के लिए सदाबहार रही हैं, लेकिन इसी ऋतु में हिंदी सिनेमा के शौकीनों को बेहद सौम्य, सुशील और सुंदर एक्ट्रेस नूतन (Nutan) भी खूब याद आती है।
आज स्क्रीन पर आप दीपिका पादुकोण, आलिया भट्ट और करीना कपूर को शादी होने के बाद भी हिट फिल्में देते हुए देखकर मुस्कुराते हैं। इस काम को कोई 60 साल पहले ही कर चुका है। नहीं समझे, चलिए बताते हैं आखिर किसे लेकर बात की जा रही है। उस दौर की नूतन (Nutan) एक ऐसी एक्ट्रेस थी जिन्होंने शादी के बाद भी हिट फिल्में दी थी।
भारतीय नौसेना के लेफ्टिनेंट कमांडर रजनीश बहल से साल 1959 में नूतन ने शादी की थी। इसी साल इस एक्ट्रेस ने दो बड़ी हिट फिल्में देकर सभी को चौंका दिया था। उस जमाने में शादी के बाद या तो फिल्मों में लड़कियों को काम नहीं करने दिया जाता था या फिर इसके बावजूद कोई ऐसा करता था तो उसे बहुत कम ही सक्सेस मिल पाती थी, लेकिन इसे नूतन (Nutan) ने पूरी तरह से बदलकर दिखा दिया था।
16 साल की उम्र में मिस इंडिया का खिताब अपने नाम कर नूतन (Nutan) ने देश को गौरवान्वित किया था। इसके बाद वो कई बड़ी फिल्मों में नज़र आने लगी थीं। चार दशक तक बॉलीवुड में राज करने वाली नूतन को शुरुआत में काफी परेशानियों से गुजरना पड़ा था। सांवले रंग और कद काठी के लिए नूतन को लोगों से काफी कुछ सुनना पड़ता था। साल 1956 में दिए एक इंटरव्यू में खुद उन्होंने बताया था, कि जब मैं चार साल की थी तो मां की एक सहेली ने मेरे बारे में कहा था। शोभना तुम्हारी बेटी कितनी बदसूरत है। तब मुझे समझ नहीं आया था कि मेरे लिए क्या कहा गया था, लेकिन मैं ये समझ गई थी कि ये मेरे लिए था।
नूतन (Nutan) का जन्म 4 जून साल 1936 को एक पढ़े लिखे परिवार में हुआ था। इनकी मां का नाम शोभना समर्थ और पिता का नाम श्री कुमारसेन समर्थ था। नूतन की खूबसूरती के सिर्फ दर्शक ही नहीं बल्कि उस दौर के बॉलीवुड के कई एक्टर भी थे। शम्मी कपूर नूतन के बचन के दोस्त थे। कहा तो ये भी जाता है कि दोनों एक दूसरे को पसंद भी करते थे लेकिन कुछ वजहों के चलते उनकी शादी नहीं हो पाई थी।
अभिनेता राजेंद्र कुमार भी नूतन को बेहद पसंद करते थे और उनसे शादी भी करना चाहते थे, लेकिन ये बात उनकी मां को पसंद नहीं थी। इसी वजह के चलते उन्होंने दोनों की शादी नहीं कराई। 14 साल की उम्र में नूतन ने फिल्म हमारी बेटी से सिनेमा में अपना डेब्यू किया था। इस फिल्म को उनकी मां शोभना समर्थ ने ही निर्देशित किया था।
ये भी पढ़ें :- Ashok Kumar की वो फिल्म जिसने भारतीय सिनेमा में हॉरर ट्रेंड शुरु किया
ब्रेस्ट कैंसर के कारण साल 1991 की 21 फरवरी को इस एक्ट्रेस ने हमेशा-हमेशा के लिए इस दुनिया से रुखसती ले ली थी। अपने जीवन में नूतन ने कई बड़ी फिल्मों में काम किया और सिने जगत को कई सुपरहिट फिल्में दी। आज भी इस एक्ट्रेस को उनकी कमाल की खूबसूरती और अभिनय के लिए याद किया जाता है।