–ताइवान का दावा, कोराना के बाद चीन में मिला नया वायरस लैंग्या
–नए वायरस से अब तक चीन में तीन दर्जन लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि
Zoonotic Langya Virus: ताइवान सीमा पर गरजते चीनी युद्धक विमानों की धमक के बीच ताइवान ने चीन में कोरोना के बाद नया वायरस ‘जूनोटिक लैंग्या (Zoonotic Langya)’ मिलने का दावा किया है। चीन के दो प्रांतों में इस नए वायरस से अब तक तीन दर्जन लोगों में संक्रमण की पुष्टि भी हो चुकी है।
हाल ही में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैंसी पेलोसी की ताइवान यात्रा के बाद से चीन और ताइवान के बीच तलवारें खिंची हुई हैं। चीन के युद्धक विमान ताइवान सीमा पर डटे हुए हैं। चीन को ही पूरी दुनिया में कोरोना के कहर के लिए जिम्मेदार माना जा रहा है।
ऐसे में अब चीन पर एक और जानलेवा बीमारी के प्रसार का आरोप लगा है। ताइवान के सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल (सीडीसी) के अनुसार चीन में जूनोटिक लैंग्या वायरस मिला है।
इस वायरस से अब तक चीन में तीन दर्जन लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि भी हो चुकी है। लैंग्या वायरस चीन के शेडोंग और हेनान प्रांत में पाया गया है।
शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक यह वायरस जानवरों से इंसानों में फैल रहा है। इस वायरस की पहचान और प्रसार की निगरानी के लिए न्यूक्लिक एसिड परीक्षण विधि का उपयोग करने की बात कही गयी है। ताइवान सीडीसी के उप महानिदेशक चुआंग जेन-हिसियांग ने बताया कि अभी तक इस वायरस के इंसानों से इंसानों में पहुंचने की पड़ताल चल रही है। जांच की जा रही है कि इस वायरस के मनुष्यों के बीच प्रसार की कितनी संभावना है। सीरोलॉजिकल सर्वे की रिपोर्ट के मुताबिक, करीब दो प्रतिशत बकरियां और पांच प्रतिशत कुत्तों में लैंग्या वायरस की पुष्टि हुई है।
क्या कहता है अध्ययन
अधिकारियों ने बताया कि 25 वाइल्ड एनिमल्स का परीक्षण करने से यह पता चला कि है लैंग्या हेनिपावायरस जानवरों को भी संक्रमित कर रहा है। यह करीब 27 प्रतिशत जानवरों में पाया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि ‘ए जूनोटिक हेनिपावायरस इन फेब्राइल पेशेंट इन चाइना’ नामक अध्ययन में भी इस वायरस के बारे में डिटेल स्टडी की गई है।
यह स्टडी न्यू इंग्लैंड जर्नल में प्रकाशित किया गया है। जिसमें यह पाया गया है कि हेनिपावायरस से चीन में लोगों में बुखार की समस्या बढ़ रही है। स्टडी में बताया गया है कि लैंग्या हेनिपावायरस से इंफेक्टेड 35 व्यक्तियों के परीक्षण में 26 व्यक्ति सिर्फ लंग्या वायरस के संक्रमित मिले हैं।
यह 35 व्यक्ति एक-दूसरे से किसी तरह का नजदीकी संपर्क नहीं रखते हैं। स्टडी में कहा गया है कि नजदीकी संपर्क वालों को यह वायरस संक्रमित नहीं कर रहा है।