Donald Trump Presidential Oath 2025 : वॉशिंगटन में सोमवार 20 जनवरी को डोनाल्ड ट्रंप अपने दूसरे कार्यकाल के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे। इस बार कड़ाके की ठंड को देखते हुए शपथ ग्रहण समारोह कैपिटल बिल्डिंग के अंदर कैपिटल रोटुंडा में आयोजित होगा। ऐसा 1985 के बाद पहली बार हो रहा है, जब रोनाल्ड रीगन ने इसी स्थान पर शपथ ली थी।
कैपिटल रोटुंडा का महत्व
कैपिटल रोटुंडा कैपिटल बिल्डिंग का गुंबददार हॉल है, जो अमेरिकी संसद के दोनों सदनों सीनेट और प्रतिनिधि सभा को जोड़ता है। ऐतिहासिक महत्व के कारण इसे खास आयोजनों के लिए इस्तेमाल किया जाता है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘वॉशिंगटन में ठंड रिकॉर्ड स्तर पर है। इसलिए मैंने समारोह कैपिटल रोटुंडा में कराने का फैसला किया है।’
समारोह की अन्य तैयारियाँ
शपथ ग्रहण के बाद होनेवाले अन्य कार्यक्रमों में कोई बदलाव नहीं होगा। रविवार दोपहर कैपिटल वन एरेना में होने वाली विजय रैली अपने तय समय पर होगी। जो लोग रोटुंडा में नहीं आ सकते, वे एरेना में स्क्रीन पर समारोह देख सकते हैं।
अंबानी दंपती को न्योता
इस खास मौके पर भारत से रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी भी मौजूद रहेंगे। दोनों 18 जनवरी को वॉशिंगटन पहुंच गए और आज शपथ ग्रहण से पहले राष्ट्रपति ट्रंप के साथ कैंडल लाइट डिनर में भी शामिल होंगे। समारोह के बाद आयोजित रिसेप्शन में भी अंबानी दंपती की उपस्थिति रहेगी।
क्वाड देशों की बैठक
शपथ ग्रहण के अगले दिन यानी 21 जनवरी को क्वाड देशों भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका के विदेश मंत्रियों की बैठक वॉशिंगटन डीसी में होगी। इस बैठक का मकसद हिंद प्रशांत क्षेत्र में अमेरिका की प्रतिबद्धता को दोहराना है।
भारत का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री एस जयशंकर करेंगे।
ऑस्ट्रेलिया से विदेश मंत्री पेनी वोंग और जापान से ताकेशी इवाया बैठक में शामिल होंगे।
अमेरिका के नए विदेश मंत्री मार्को रूबियो भी इस बैठक का हिस्सा हो सकते हैं।
शपथ ग्रहण पर विवाद
शपथ ग्रहण समारोह से पहले अमेरिका में राजनीतिक माहौल गर्म है। डेमोक्रेटिक पार्टी और कुछ मीडिया संस्थानों ने इस समारोह पर भारी खर्च और ट्रंप के कड़े फैसलों पर सवाल उठाए हैं। हालांकि, ट्रंप प्रशासन ने इसे अमेरिकी परंपराओं और हितों के संरक्षण का अहम आयोजन बताया है।