Health Tips: आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में सेहत का ध्यान रखना मुश्किल हो जाता है। लेकिन अगर हम नेचुरल तरीके अपनाएं तो न सिर्फ खुद को बीमारियों से बचा सकते हैं, बल्कि लंबी उम्र तक फिट भी रह सकते हैं। आयुर्वेद ऐसे ही नेचुरल और कारगर तरीकों का विज्ञान है, जो शरीर और मन दोनों को सेहतमंद बनाए रखने में मदद करता है।
आयुर्वेद के आसान और असरदार उपाय
आयुर्वेद मुख्य रूप से वात, पित्त और कफ नाम के तीन दोषों पर आधारित है। जब ये तीनों संतुलित रहते हैं, तब शरीर और दिमाग दोनों सही तरीके से काम करते हैं। अगर इनमें गड़बड़ी हो जाए, तो बीमारियां घेरने लगती हैं। इसलिए, आयुर्वेद के कुछ आसान उपायों को अपनाकर आप अपनी सेहत को बेहतर बना सकते हैं।
सुबह जल्दी उठें
अगर आप हेल्दी रहना चाहते हैं, तो सुबह सूरज निकलने के साथ ही उठने की आदत डालें। आदर्श रूप से सूर्योदय से पहले जागना शरीर और दिमाग दोनों के लिए फायदेमंद होता है। आयुर्वेद के अनुसार, सुबह का वक्त सबसे शांत और ऊर्जावान होता है। जल्दी उठने से शरीर की ऊर्जा संतुलित रहती है, मानसिक स्पष्टता बढ़ती है और दिनभर ताजगी बनी रहती है।
चेहरा ठंडे पानी से धोएं
सुबह उठते ही सबसे पहले अपना चेहरा ठंडे पानी से धोएं। इससे शरीर में जमा टॉक्सिन्स बाहर निकलते हैं और इंद्रियां सक्रिय हो जाती हैं। अगर आप आंखों की रोशनी बढ़ाना चाहते हैं या ड्राई आईज की समस्या से बचना चाहते हैं, तो गुलाब जल या त्रिफला पानी से आंखें धोना फायदेमंद रहेगा।
जीभ साफ करना जरूरी
आयुर्वेद के अनुसार, जीभ पर रातभर गंदगी और टॉक्सिन जमा हो जाते हैं, जिन्हें सुबह साफ करना बहुत जरूरी होता है। टंग क्लीनर से जीभ साफ करने से मुंह के बैक्टीरिया खत्म होते हैं और पाचन तंत्र बेहतर तरीके से काम करता है।
प्राणायाम को बनाएं आदत
सुबह उठकर प्राणायाम करने की आदत डालें। यह न सिर्फ फेफड़ों को मजबूत बनाता है, बल्कि दिमाग को भी शांत रखता है। अनुलोम-विलोम जैसी गहरी सांसों की एक्सरसाइज करने से तनाव कम होता है और शरीर में ऑक्सीजन की सप्लाई बेहतर होती है। रिसर्च के मुताबिक, प्राणायाम करने से फेफड़ों की कार्यक्षमता बढ़ती है और सांस से जुड़ी बीमारियों से बचाव होता है।