Vaibhav Suryavanshi : वैभव सूर्यवंशी ने अपनी कम उम्र के बावजूद क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया है। शुरुआत में उनकी युवा उम्र को लेकर चर्चा हुई, लेकिन IPL 2025 में जब उन्होंने मैदान पर कमाल का प्रदर्शन दिखाया, तब हर कोई समझ गया कि राजस्थान रॉयल्स ने उन पर इतना बड़ा निवेश क्यों किया। हालांकि राजस्थान टीम प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई, लेकिन सूर्यवंशी का व्यक्तिगत प्रदर्शन बेजोड़ रहा। उन्हें इंग्लैंड दौरे के लिए चुनी गई भारतीय अंडर-19 टीम में भी शामिल किया गया है। इंग्लैंड रवाना होने से पहले 14 साल के इस क्रिकेटर ने भारत में एक और धमाकेदार पारी खेलकर अपनी क्षमता का लोहा मनवाया।
राजस्थान ने वैभव को 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा
राजस्थान ने वैभव को 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा था, जब उनकी उम्र महज 13 साल थी। IPL में डेब्यू के समय वह 14 साल के थे। अपनी पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर उन्होंने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा, लेकिन असली पहचान उन्हें तब मिली जब उन्होंने केवल 35 गेंदों में IPL का सबसे तेज शतक जड़ा। यह रिकॉर्ड पहले युसूफ पठान के नाम था, जिन्होंने 37 गेंदों में शतक बनाया था। गुजरात के खिलाफ खेली गई यह पारी IPL इतिहास की सबसे तेजी से बनी शतकों में से एक है।
इंग्लैंड दौरे से पहले भारत में दिखाया ज़बरदस्त खेल
इंग्लैंड दौरे से पहले वैभव ने एक बार फिर भारत में जबरदस्त खेल दिखाया। IPL के बाद वे आराम करने के बजाय BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अंडर-19 ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा ले रहे हैं और आगामी इंग्लैंड दौरे की तैयारियों में जुटे हैं। हाल ही में खेले गए एक रेड-बॉल मैच में उन्होंने गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और कुल आठ छक्के जड़े।
यह भी पढ़ें : फिर कहर बना कोरोना, 28 तक पहुँची मौतें, 4000 के पार एक्टिव केस…
भारत की सीनियर पुरुष टीम 20 जून से इंग्लैंड में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी, जिसका नेतृत्व शुभमन गिल करेंगे। इसी दौरान भारतीय अंडर-19 टीम भी इंग्लैंड दौरे पर जाएगी, जहां वे 24 जून को 50 ओवरों का वार्म-अप मैच खेलेंगे। इसके बाद पांच मैचों की एकदिवसीय सीरीज और दो बहु-दिवसीय मुकाबले होंगे।
इंग्लैंड दौरे पर जाने वाली भारतीय अंडर-19 टीम के सदस्य हैं: आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, विहान मल्होत्रा, मौल्यराजसिंह चावड़ा, राहुल कुमार, अभिज्ञान कुंडू (उप-कप्तान और विकेटकीपर), हरवंश सिंह (विकेटकीपर), आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलान पटेल, हेनिल पटेल, युधाजीत गुहा, प्रणव राघवेंद्र, मोहम्मद एनान, आदित्य राणा और अनमोलजीत सिंह।
























