UP Summer Vacation Extended: उत्तर प्रदेश सरकार ने भीषण गर्मी और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बेसिक शिक्षा परिषद के नियंत्रणाधीन और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश को 24 जून 2026 तक बढ़ा दिया गया है। अब प्रदेश के स्कूल 25 जून से नियमित रूप से खुलेंगे और पठन-पाठन शुरू होगा।
गर्मी को देखते हुए लिया गया फैसला
अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग पार्थ सारथी सेन शर्मा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अब प्रत्येक वर्ष 20 मई से 24 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को भीषण गर्मी से सुरक्षित रखना और नए शैक्षणिक सत्र की बेहतर शुरुआत सुनिश्चित करना है।
22 जून से स्कूल पहुंचेंगे शिक्षक
विद्यालय खुलने से पहले तैयारियां पूरी करने के लिए 22, 23 और 24 जून को सभी शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी स्कूलों में उपस्थित रहेंगे। इस दौरान लेसन प्लान तैयार करना, मध्याह्न भोजन व्यवस्था, पाठ्यपुस्तक वितरण, विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक, साफ-सफाई और स्मार्ट क्लास जैसी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।
220 कार्यदिवस सुनिश्चित करने के निर्देश
सरकार ने निर्देश दिया है कि शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत प्रत्येक शैक्षणिक सत्र में न्यूनतम 220 कार्यदिवस सुनिश्चित किए जाएं। जिलाधिकारियों को भी स्थानीय स्तर पर अवकाश घोषित करने से पहले इन प्रावधानों का ध्यान रखने को कहा गया है।
योग और बेहतर सुविधाओं पर फोकस
आदेश में स्कूलों में बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शिक्षकों और विद्यार्थियों की भागीदारी से योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।








