Iran Rejects: ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिका का होर्मुज जलडमरूमध्य पर पूरा नियंत्रण है। ईरान की पर्शियन गल्फ स्ट्रेट अथॉरिटी (PGSA) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि अमेरिकी अधिकारियों के बार-बार बयान देने से जमीनी स्थिति नहीं बदली है। PGSA के मुताबिक, होर्मुज अभी भी बंद है और ईरान की शर्तें पूरी होने तक इसे दोबारा नहीं खोला जाएगा।
अमेरिका के पूरे कंट्रोल का दावा
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर दावा किया था कि अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य पर पूरा नियंत्रण हासिल कर लिया है और वह इसे बनाए रखेगा। उन्होंने अमेरिकी नौसेना की तैनाती को ‘स्टील की दीवार’ बताया और कहा कि ईरान इसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि तेहरान का सैन्य ढांचा बुरी तरह कमजोर हो चुका है। उनके बयान के बाद ईरान की ओर से तत्काल कड़ा जवाब सामने आया।
‘अब दादा नहीं रहा ईरान’
ट्रंप ने अपने पोस्ट में ईरान पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उसके पास सिर्फ ‘फेक न्यूज’ और 300 प्रतिशत महंगाई है तथा हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ईरान केवल बातें करता है और काम नहीं करता। ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान अब मिडिल ईस्ट का ‘दादा’ नहीं रहा। यह बयान ऐसे समय आया है जब होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है।
दुनिया के लिए बेहद अहम
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल है। वैश्विक पेट्रोलियम व्यापार का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा इस रास्ते से गुजरता है। ऐसे में यहां लंबे समय तक समुद्री आवाजाही बाधित होने पर अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार और तेल की कीमतों पर असर पड़ सकता है। पिछले कई हफ्तों से ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच सैन्य गतिविधियों ने क्षेत्र में बड़े टकराव की आशंका को और बढ़ाया है।
खाड़ी में बढ़ी अमेरिकी मौजूदगी
तनाव के बीच अमेरिका ने खाड़ी क्षेत्र में अपनी नौसैनिक मौजूदगी बढ़ा दी है। वॉशिंगटन का कहना है कि समुद्री आवाजाही की स्वतंत्रता सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। वहीं, पर्दे के पीछे अमेरिका और ईरान के बीच अप्रत्यक्ष कूटनीतिक बातचीत भी जारी है। दोनों पक्ष होर्मुज संकट कम करने और नियमित समुद्री यातायात बहाल करने की संभावित शर्तों पर चर्चा कर रहे हैं। ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के नए प्रमुख मोहसिन रेज़ाई ने भी चेतावनी दी है कि अमेरिकी शर्तें पूरी होने तक तेहरान होर्मुज को पूरी तरह नहीं खोलेगा।









