समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर धन्यवाद और शुभकामनाएं दी। अखिलेश यादव ने चिट्ठी में लिखा ‘प्रिय राहुल जी, भारत जोड़ो यात्रा में आमंत्रण के लिए धन्यवाद। आपके द्वारा भारत जोड़ो की मुहिम की सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।
यूपी में 3 को दाखिल होने जा रही ‘भारत जोड़ो यात्रा’
उत्तर प्रदेश में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 3 जनवरी को दाखिल होने वाली है। जिसको लेकर यात्रा के आने से पहले की आहट से ही सूबे की सियासत का पारा चढ़ता दिख रहा। वहीं एक खबर सामने आ रही है जहां राहुल गांधी ने यात्रा में शामिल होने के लिए समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती को यात्रा में शामिल होने के लिए चिट्ठी भेजी थी। जिस पर जमकर वाद-विवाद भी चला। अब समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव का एक पत्र सामने आया है, जिसमें उन्होंने राहुल गांधी के आमंत्रण का जिक्र किया।
ये यात्रा हमारे देश का उद्देश्य पूरा करेगी
कांग्रेस का निमंत्रण पत्र मिलने के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राहुल गांधी को पत्र लिखा है।पत्र पर आज की तारीख यानी 2 जनवरी 2023 लिखा हुआ है। अखिलेश यादव के नाम से लिखी इस चिट्ठी में लिखा है, “प्रिय राहुल जी, भारत जोड़ो यात्रा में निमंत्रण के लिए धन्यवाद एवं भारत जोड़ों की मुहिम की सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं। अखिलेश ने आगे लिखा है कि भारत भौगोलिक विस्तार से अधिक एक भाव है, जिसमें प्रेम, अहिंसा, करूणा, सहयोग और सौहार्द ही वो सकारात्मक तत्व हैं, जो भारत को जोड़ते हैं। आशा है ये यात्रा हमारे देश की इसी समावेशी संस्कृति के संरक्षण के उद्देश्य से अपने लक्ष्य को प्राप्त करेगी।”
बीजेपी और कांग्रेस की विचारधार एक ही- अखिलेश
एक दिन पहले तक राहुल गांधी पर हमलावर रहे अखिलेश यादव के तेवर अचानक से नरम पड़ते नजर आ रहे हैं। बताते चलें की 29 दिसबंर को अखिलेश यादव ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा की बीजेपी और कांग्रेस की विचारधार एक ही हैं। इस बयान के चलते ही अखिलेश यादव का भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने पर विराम लग गया था। अखिलेश के बयान ने 2024 के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं करने के अपने संकल्प का भी संकेत दिया। अखिलेश ने यहां तक कह दिया कि अगर किसे के पास भारत जोड़ो यात्रा का निमंत्रण है तो हमें भेंजे।