Arvinder Singh Lovely joins BJP: लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। दरअसल दिल्ली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली (Arvinder Singh Lovely) ने अब बीजेपी का दामन थाम लिया है। इसके साथ ही पूर्व मंत्री राजकुमार चौहान, पूर्व एमएलए नसीब सिंह, पूर्व एमएलए नीरज बसोया भी बीजेपी में शामिल हो चुके हैं।
बता दें कि हाल ही में अरविंदर सिंह लवली ने दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। लवली कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन करने के खिलाफ थे। बता दें कि वह इससे पहले भी बीजेपी के सदस्य रह चुके हैं। 2017 में दिल्ली नगर निगम चुनाव से पहले लवली बीजेपी में शामिल हुए थे लेकिन कुछ ही महीने में दोबारा कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
Arvinder Singh Lovely का राजनीतिक करियर
2024 – लोकसभा चुनाव 2024 से पहले फिर लवली को कांग्रेस पार्टी की दिल्ली इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। हालांकि चुनाव से ठीक पहले उन्होंने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। बताया गया कि वह आप के साथ गठबंधन से नाराज थे।
2023 – अगस्त में कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
2020 – गांधी नगर निर्वाचन क्षेत्र से दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ा लेकिन हार का सामना करना पड़ा।
2019 – उन्होंने पूर्वी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा चुनाव लड़ा लेकिन हार का सामना करना पड़ा।
2018 – बीजेपी छोड़ दी और फिर से कांग्रेस में शामिल हो गए।
2017- फिर से वह बीजेपी में शामिल हो गए।
2013 – वह लगातार चौथी बार गांधी नगर निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर विधायक रहे और 2013 से 2015 तक दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे।
2008 – वह कांग्रेस के बैनर तले गांधी नगर निर्वाचन क्षेत्र से से चुने गए और 2008 से 2013 तक शीला दीक्षित सरकार में शहरी विकास और राजस्व मंत्री और परिवहन मंत्री के रूप में कार्य किया।
2003 – वह दिल्ली के गांधी नगर निर्वाचन क्षेत्र से फिर से जीते और दिल्ली की तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित द्वारा उन्हें शिक्षा मंत्री नियुक्त किया गया।
1998 – दिल्ली के गांधी नगर निर्वाचन क्षेत्र से लवली ने कांग्रेस के टिकट पर पहला चुनाव लड़ा था और दिल्ली विधानसभा के सबसे कम उम्र के सदस्य बने।