AMU Campus News: अलीगढ़ पुलिस ने परीक्षा देकर निकले छात्र पर हमला व फायरिंग मामले में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से चिट्ठी के माध्यम से जवाब मांगा हैं. पुलिस ने एक पत्र प्रॉक्टर कार्यालय को भेजा है, जिसमें पूछा गया है कि आपके स्तर से 18 सुझाव पर क्या किया गया? अगर उन पर अमल किया गया तो यह घटना कैसे हुई? इतना ही नहीं पुलिस ने यह भी पूछा है कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में सख्ती क्यों नहीं हो पा रही है?
अलीगढ़ पुलिस ने पत्र द्वारा अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से पूछा है कि जरूरत पर एएमयू में पुलिस चेकिंग का क्या प्रावधान है? क्या हाई कोर्ट / सुप्रीम कोर्ट की ओर से कोई प्रावधान है, जिसमें पुलिस विशेष चेकिंग के लिए कैंपस में प्रवेश कर सकती है या एएमयू का अपना कोई संविधान है? इससे भी अवगत कराने के लिए अलीगढ़ पुलिस ने एएमयू से जवाब मांगा है. दरअसल, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में अपराधिक गतिविधियों से नाता नया नहीं है. अक्सर एएमयू में अपराधियों के छिपे होने और छात्र गुटों के बीच झगड़े में फायरिंग की घटनाएं होती रहती हैं. इन्हीं घटनाओं को लेकर जून में पुलिस की ओर से एएमयू इंतजामियां को 18 सुझाव सुरक्षा के बिंदु पर भेजे थे. इसके बाद अगस्त में कैंपस के अंदर अपराधिक घटनाएं हो गई, जिसमें परीक्षा देकर निकले छात्रों के बैग से पिस्तौल निकली. ऐसे में सवाल खड़ा हुआ कि पुलिस के उन सुझावों पर क्या हुआ?
AMU प्रॉक्टर ने कही ये बात
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के प्रॉक्टर वसीम अली ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस की ओर से एक पत्र प्राप्त हुआ है. अभी उस पत्र का अध्ययन नहीं हुआ है. अध्ययन करने के बाद ही कहा जा सकेगा कि उसमें क्या उल्लेख है और क्या पूछा गया है। उसके बाद उसका जवाब भी दिया जाएगा.


















