The Ba***ds of Bollywood 2: शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान ने 2025 में The Ba***ds of Bollywood से बतौर डायरेक्टर डेब्यू किया था। Netflix की सात एपिसोड वाली इस सीरीज में बॉलीवुड की चमक-दमक के साथ इंडस्ट्री के अंदर की हलचल और उसके मजेदार पहलुओं को व्यंग्यात्मक अंदाज में पेश किया गया था।
सीरीज में लक्ष्य, बॉबी देओल, राघव जुयाल और सहर बंबा जैसे कलाकार नजर आए थे। इसके अलावा कई बड़े बॉलीवुड सितारों ने कैमियो के जरिए शो का हिस्सा बनकर इसे और खास बनाया था।
रिलीज के बाद सीरीज को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई और यह Netflix की ग्लोबल टॉप 10 लिस्ट में भी शामिल हुई थी। अब फैंस इसके दूसरे सीजन का इंतजार कर रहे हैं।
बिलाल सिद्दीकी ने दिया बड़ा अपडेट
सीरीज के राइटर बिलाल सिद्दीकी ने एनडीटीवी से बातचीत में सीजन 2 को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि Netflix और शाहरुख खान की प्रोडक्शन कंपनी Red Chillies Entertainment के बीच अगले सीजन को लेकर बातचीत चल रही है।
बिलाल ने कहा कि उन्हें भी उम्मीद है कि सीरीज का अगला सीजन बनाया जाएगा। हालांकि, अभी कुछ चीजों पर चर्चा और फैसला होना बाकी है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले सीजन पर काम करने का अनुभव उनके लिए काफी अच्छा रहा और मौका मिलने पर वह दोबारा उसी टीम के साथ काम करना चाहेंगे।
आर्यन खान के साथ काम करने का अनुभव
बिलाल सिद्दीकी ने आर्यन खान के साथ काम करने के अनुभव को भी साझा किया। उन्होंने बताया कि आर्यन, मानव चौहान और उनके बीच फिल्मों और ह्यूमर को लेकर अच्छी समझ थी।
बिलाल के मुताबिक, तीनों की पसंद और क्रिएटिव सोच कई मामलों में काफी मिलती थी। इसी वजह से सीरीज लिखने और बनाने के दौरान किसी बड़े मुद्दे पर उनके बीच असहमति नहीं हुई।
उन्होंने आर्यन के सेंस ऑफ ह्यूमर की भी तारीफ की और कहा कि आर्यन को अपने आसपास होने वाली चीजों और बातचीत की अच्छी समझ है। अब देखना होगा कि Netflix और Red Chillies की बातचीत किस नतीजे तक पहुंचती है और फैंस को The Ba***ds of Bollywood 2 देखने को कब मिलता है।






