Fruit Salad Tips: फोर्टिस अस्पताल, गुरुग्राम की डायटेटिक्स विभाग की प्रमुख दीप्ति खाटूजा के अनुसार, गर्म और ठंडी तासीर वाले फलों को एक साथ खाना आमतौर पर सुरक्षित माना जाता है। हालांकि, जिन लोगों को पाचन संबंधी समस्याएं, एलर्जी या अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हैं, उन्हें अपनी जरूरत के अनुसार फलों का चयन करना चाहिए।
वजन घटाने वालों के लिए जरूरी सलाह
यदि आप वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं, तो फ्रूट सलाद में फलों की मात्रा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। केला, चीकू और अन्य अधिक मीठे फलों में प्राकृतिक शुगर ज्यादा होती है, इसलिए इन्हें सीमित मात्रा में लेना बेहतर माना जाता है। वहीं तरबूज, पपीता, सेब और अन्य कम मीठे मौसमी फल अधिक मात्रा में शामिल किए जा सकते हैं। इससे पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है और अनहेल्दी स्नैकिंग की इच्छा भी कम हो सकती है।
मौसमी फलों को क्यों दें प्राथमिकता?
विशेषज्ञों का मानना है कि मौसमी फल पोषण के लिहाज से बेहतर विकल्प होते हैं। गर्मियों में आम और तरबूज जैसे फल शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करते हैं, जबकि अन्य मौसमों में उपलब्ध ताजे फल आवश्यक विटामिन और मिनरल्स प्रदान करते हैं।
क्या केला खाने से बढ़ता है वजन?
अक्सर माना जाता है कि केला खाने से वजन बढ़ता है, लेकिन विशेषज्ञ इससे पूरी तरह सहमत नहीं हैं। वजन बढ़ना या घटना केवल किसी एक खाद्य पदार्थ पर निर्भर नहीं करता, बल्कि पूरी डाइट और लाइफस्टाइल पर आधारित होता है। संतुलित आहार और नियमित शारीरिक गतिविधि के साथ केला शरीर को ऊर्जा, पोटैशियम और कई जरूरी पोषक तत्व प्रदान कर सकता है।
एक दिन में कितने केले खाना सही?
सामान्य रूप से स्वस्थ व्यक्ति अपनी जरूरत और शारीरिक गतिविधि के अनुसार प्रतिदिन एक केला आसानी से खा सकता है। हालांकि, व्यक्तिगत जरूरतें अलग-अलग हो सकती हैं।









