अबूधाबी से लखनऊ आ रही इंडिगो की फ्लाइट में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक यात्री ने विमान के अंदर ही सिगरेट जला ली। यात्री अपनी सीट पर बैठा था। जैसे ही सिगरेट का धुआं उठने लगा, महिला क्रू मेंबर की नजर उस पर पड़ गई। उन्होंने तुरंत यात्री को ऐसा करने से रोका, जिसके बाद उसने सिगरेट बुझा दी।
अबूधाबी से लखनऊ
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, आजमगढ़ के सरायमीर थाना क्षेत्र के सिरवान गांव का रहने वाला अब्दुल अजीज अबूधाबी में मजदूरी करता है। वह इंडिगो की फ्लाइट 6E-1416 से लखनऊ आ रहा था। विमान मंगलवार रात करीब 1:25 बजे अबूधाबी से रवाना हुआ और बुधवार सुबह करीब 8:25 बजे अमौसी एयरपोर्ट पहुंचा।
क्रू ने तुरंत रोका
बताया गया कि उड़ान के दौरान अब्दुल अजीज ने अपने पास रखे लाइटर से सिगरेट जला ली। सिगरेट का धुआं दिखाई देते ही महिला क्रू मेंबर ने उसे चेतावनी दी। इसके बाद उसने तुरंत सिगरेट बुझा दी। पुलिस पूछताछ में यात्री ने भी माना कि उसने सिगरेट जलाई थी, हालांकि उसका कहना था कि उसने सिगरेट का कश नहीं लिया।
CISF ने पकड़ा
लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान के पहुंचते ही इंडिगो कर्मचारियों ने पूरे मामले की जानकारी CISF को दी। इसके बाद सुरक्षा बल ने यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बाद में उसे आगे की कार्रवाई के लिए सरोजनीनगर पुलिस के हवाले कर दिया गया। इंडिगो के सिक्योरिटी इंचार्ज आदित्य शर्मा की ओर से यात्री के खिलाफ थाने में तहरीर भी दी गई।
पुलिस ने पूछताछ की
सरोजनीनगर थाना प्रभारी राजदेव प्रजापति के मुताबिक, पूछताछ के दौरान यात्री ने अपनी गलती स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, वह विमान में सिगरेट पीने के इरादे से उसे जला रहा था, लेकिन क्रू मेंबर के रोकने पर उसने सिगरेट बुझा दी। इसके बाद उससे माफीनामा लिखवाया गया।
माफीनामा लिखवाकर छोड़ा
पुलिस ने जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद यात्री को छोड़ दिया। इस घटना के बाद विमान में सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं। उड़ान के दौरान धूम्रपान करना गंभीर सुरक्षा उल्लंघन माना जाता है, क्योंकि इससे विमान के अंदर आग और धुएं जैसी स्थिति पैदा हो सकती है।









