IndiGo Flight Smoke Alarm: अगरतला से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान के कार्गो हिस्से में धुआं उठने की सूचना मिली और स्मोक अलार्म बज गया। विमान उस समय करीब 35 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। पायलट ने तुरंत लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी जानकारी दी और विमान को अमौसी एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया।
हवा में बजा अलार्म
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार फ्लाइट में 6 क्रू सदस्य और 103 यात्री सवार थे। विमान अगरतला से शाम करीब 4:30 बजे रवाना हुआ था और उसे शाम 6:50 बजे दिल्ली पहुंचना था। उड़ान के दौरान 35 हजार फीट से अधिक ऊंचाई पर पायलट को कार्गो क्षेत्र में धुएं से संबंधित स्मोक अलार्म दिखाई दिया।
पायलट ने बिना देरी किए एटीसी को इसकी जानकारी दी। इसके बाद विमान को लखनऊ की ओर मोड़ दिया गया। करीब 6:16 बजे महमूदाबाद के पास से विमान ने यू-टर्न लिया और ऊंचाई कम करते हुए लखनऊ की तरफ बढ़ा। विमान बीकेटी के ऊपर से होते हुए अमौसी एयरपोर्ट पहुंचा।
एयरपोर्ट पर इमरजेंसी तैयारी
एटीसी से सूचना मिलते ही चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर सुरक्षा और बचाव से जुड़ी सभी एजेंसियां अलर्ट हो गईं। दो एम्बुलेंस को मेडिकल स्टाफ और लाइफ सपोर्ट सिस्टम के साथ एयरसाइड में भेजा गया। दो दमकल वाहन एयरसाइड और तीन दमकल वाहन बाहर की तरफ तैनात किए गए।
पुलिस, सीआईएसएफ, मेडिकल टीम और एयरपोर्ट अधिकारियों ने भी मोर्चा संभाल लिया। रनवे के आसपास मौजूद अन्य वाहनों और लैडर को हटाया गया, ताकि किसी आपात स्थिति में बचाव दल को तुरंत रास्ता मिल सके।
सुरक्षित उतरा विमान
फ्लाइट के लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरते ही सबसे पहले यात्रियों को विमान से बाहर निकाला गया। इसके बाद क्रू सदस्य बाहर आए। देर रात तक करीब 12 इंजीनियरों और तकनीकी कर्मचारियों की टीम स्मोक अलार्म बजने के कारणों की जांच करती रही।
प्राथमिक जांच में कोई गंभीर स्थिति सामने नहीं आने के बाद इंडिगो की ओर से फुल इमरजेंसी की कॉल वापस ले ली गई। विमान में सवार सभी यात्रियों को बाद में दूसरी फ्लाइट से दिल्ली भेज दिया गया।
जांच में जुटी टीम
विमान के कार्गो क्षेत्र में स्मोक अलार्म क्यों सक्रिय हुआ, इसकी तकनीकी जांच की जा रही है। एयरपोर्ट पर तैनात टीमों ने एहतियात के तौर पर सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए थे। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से रवाना किया गया।








