UP Assembly: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को विधानसभा में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने महाकुंभ को लेकर दुष्प्रचार किया, लेकिन जनता ने उसकी एक नहीं सुनी। उन्होंने बताया कि महाकुंभ में रिकॉर्ड 66 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई जिनमें 33 करोड़ महिलाएं शामिल थीं। इसके बावजूद पूरे आयोजन में कोई छेड़खानी, लूट, हत्या या किसी अन्य आपराधिक घटना की सूचना नहीं आई।
सीएम योगी ने महाकुंभ की भव्यता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल भारत ही नहीं बल्कि विश्व स्तर पर सराहा गया। विदेशी मीडिया ने भी इस आयोजन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन आस्था के सम्मान का प्रतीक है और 2027 में भी जनता बीजेपी का समर्थन करेगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष हमेशा आस्था से खिलवाड़ करता है और इसे सांप्रदायिकता से जोड़ने की कोशिश करता है।
यह भी पढ़े: यूपी में 9 आईपीएस अफसरों का तबादला, जानें किन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
विकास और बजट का किया जिक्र
सीएम योगी ने अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में बजट को विभिन्न वर्गों के विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया। पहला बजट किसानों के ऋण माफी के लिए समर्पित था। दूसरा बजट इंफ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिक विकास पर केंद्रित रहा। तीसरा बजट महिलाओं को समर्पित था। चौथा बजट युवाओं के विकास के लिए लाया गया। पांचवां बजट आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए था। इसके अलावा उनकी सरकार ने अयोध्या में रामलला के लिए भी एक विशेष बजट पेश किया।
सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार जो कहती है उसे (UP Assembly) पूरा करके दिखाती है। उन्होंने कहा कि महाकुंभ का आयोजन भारत की समृद्ध विरासत और विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित हुआ है। उन्होंने दावा किया कि भविष्य में भी सरकार इसी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ेगी और आस्था एवं विकास का संतुलन बनाए रखेगी।

























