Job Fraud: नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को ठग नए-नए तरीकों से अपना शिकार बना रहे हैं। कभी सिक्योरिटी डिपॉजिट, कभी यूनिफॉर्म तो कभी लैपटॉप के नाम पर पैसे मांगे जाते हैं। बड़ी कंपनी का नाम, आकर्षक सैलरी और चमकदार ऑफर लेटर देखकर कई उम्मीदवार भरोसा कर लेते हैं और रकम भेज देते हैं। बाद में न नौकरी मिलती है और न ही ठगों से संपर्क हो पाता है। ऐसे में जरूरी है कि असली भर्ती और फर्जी जॉब ऑफर के बीच अंतर पहचानें।
नौकरी से पहले पैसे मांगे तो हो जाएं सतर्क
किसी कंपनी का नौकरी देने के बदले सिक्योरिटी डिपॉजिट या अन्य शुल्क मांगना खतरे का संकेत हो सकता है। खासकर तब, जब भुगतान किसी निजी बैंक खाते, अनजान UPI ID या मोबाइल नंबर पर करने को कहा जाए।
भर्ती से जुड़े ईमेल की भी जांच करें। कंपनी के आधिकारिक नाम से मिलते-जुलते फर्जी ईमेल एड्रेस का इस्तेमाल ठग कर सकते हैं। बिना इंटरव्यू के सीधे चयन, असामान्य रूप से ज्यादा सैलरी और तुरंत जॉइनिंग का दबाव भी संदेह पैदा करता है।
कंपनी और ऑफर लेटर की ऐसे करें जांच
किसी भी ऑफर पर भरोसा करने से पहले कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर उसके करियर पेज और संपर्क नंबर की जांच करें। ईमेल एड्रेस का डोमेन ध्यान से देखें और वेबसाइट पर दिए गए नंबर पर खुद कॉल करके भर्ती की पुष्टि करें।
कंपनी का पंजीकरण और कार्यालय का पता भी जांचें। सोशल मीडिया या व्हाट्सऐप पर मिले विज्ञापन के आधार पर दस्तावेज या पैसे साझा न करें। प्लेसमेंट एजेंसियों के मामले में भी सतर्क रहें। कुछ फर्जी एजेंसियां रजिस्ट्रेशन, ट्रेनिंग और नियुक्ति पत्र के नाम पर अलग-अलग किस्तों में रकम वसूलती हैं।
नौकरी के नाम पर ठगी हो जाए तो तुरंत करें ये काम
अगर आप पैसे भेज चुके हैं तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें। इसके अलावा आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं और अपने बैंक को भी लेनदेन की जानकारी दें। जितनी जल्दी शिकायत की जाएगी, रकम को रोकने या ट्रेस करने की संभावना उतनी बेहतर हो सकती है।
ठगी से जुड़े सभी सबूत संभालकर रखें। इनमें ठग का मोबाइल नंबर, व्हाट्सऐप चैट, ईमेल, ऑफर लेटर, बैंक ट्रांजैक्शन और भुगतान की रसीद शामिल हैं। ये जांच में मददगार साबित हो सकते हैं।
आकर्षक जॉब ऑफर के लालच में न आएं
सोशल मीडिया और मैसेजिंग ग्रुप में मिलने वाले ऐसे विज्ञापनों से सावधान रहें, जिनमें कंपनी का पूरा नाम, पता और काम का विवरण नहीं दिया गया हो। याद रखें, नौकरी आपकी योग्यता और मेहनत के आधार पर मिलती है, किसी अग्रिम भुगतान के आधार पर नहीं। किसी भी प्रस्ताव को स्वीकार करने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि जरूर करें।





















