Ayushman Sarathi: आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के लाभार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने सेवाओं को और अधिक आसान और डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने ‘आयुष्मान सारथी’ नाम से आधिकारिक WhatsApp चैटबॉट लॉन्च किया है। इसके जरिए अब लाभार्थियों को कई जरूरी सेवाओं के लिए सरकारी दफ्तरों या कॉल सेंटर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। वे 24 घंटे WhatsApp के माध्यम से ही योजना से जुड़ी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
WhatsApp पर मिलेंगी कई जरूरी सुविधाएं
आयुष्मान सारथी चैटबॉट के जरिए लाभार्थी अपनी PM-JAY पात्रता की जांच कर सकेंगे। इसके अलावा नया आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए आवेदन, कार्ड डाउनलोड, दोबारा eKYC, आधार लिंक, कार्ड लॉक या अनलॉक, इलाज का रिकॉर्ड देखने और वॉलेट बैलेंस की जानकारी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदना कार्ड से जुड़ी सेवाएं भी इसी प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी।
अस्पताल खोजने और शिकायत दर्ज करने की सुविधा
यह चैटबॉट केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं है। इसके माध्यम से लाभार्थी अपने नजदीकी पैनल में शामिल अस्पतालों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही शिकायत दर्ज करना, उसकी स्थिति ट्रैक करना, जरूरत पड़ने पर शिकायत वापस लेना, कॉल बैक का अनुरोध करना और अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद फीडबैक देना भी संभव होगा।
सरकार का दावा, सेवा होगी अधिक पारदर्शी
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, आयुष्मान सारथी सुरक्षित API आधारित सिस्टम पर काम करता है और सीधे PM-JAY प्लेटफॉर्म से जुड़ा हुआ है। इससे लाभार्थियों को रियल-टाइम जानकारी मिलेगी, सेवा वितरण तेज होगा और सरकारी कार्यालयों पर निर्भरता कम होगी। मंत्रालय का मानना है कि इससे शिकायत निवारण की प्रक्रिया भी अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनेगी।
ऐसे करें चैटबॉट का इस्तेमाल
लाभार्थी WhatsApp नंबर +91 72908 23838 पर “HI” भेजकर आयुष्मान सारथी चैटबॉट शुरू कर सकते हैं। इसके अलावा सरकार द्वारा जारी QR कोड स्कैन करके भी इस सेवा का उपयोग किया जा सकता है। चैट शुरू होते ही सभी उपलब्ध सेवाओं के विकल्प WhatsApp पर दिखाई देंगे।
करोड़ों लोगों को मिलेगा फायदा
आयुष्मान भारत दुनिया की सबसे बड़ी सरकारी स्वास्थ्य बीमा योजनाओं में शामिल है और इससे करोड़ों लाभार्थी जुड़े हैं। ऐसे में WhatsApp जैसे व्यापक रूप से इस्तेमाल होने वाले प्लेटफॉर्म पर सेवाएं उपलब्ध होने से योजना का लाभ उठाना पहले से अधिक आसान, तेज और सुविधाजनक होने की उम्मीद है। खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों और सीमित डिजिटल जानकारी रखने वाले लोगों को इससे सीधा लाभ मिलेगा।






