Lucknow Train Crime: लखनऊ के गोमती नगर रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया, जब बिहार के छपरा से गोरखपुर होकर लखनऊ आने वाली लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस ट्रेन के स्लीपर कोच से एक संदिग्ध बॉक्स बरामद हुआ। बॉक्स खोलते ही रेलवे कर्मचारियों और अधिकारियों के होश उड़ गए। बॉक्स के अंदर एक अज्ञात महिला का सर कटा शव ठूंसा हुआ मिला, जबकि उसके हाथ और पैर काटकर अलग-अलग बैग और बोरों में कपड़ों के बीच छिपाए गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही GRP और RPF की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे कोच को खाली कराकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सफाई कर्मियों की सतर्कता से खुला मामला
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 15114 लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस गोमती नगर स्टेशन पहुंचने के करीब 15 मिनट बाद सफाई कर्मचारी S1 कोच की सफाई करने पहुंचे थे। पूरी ट्रेन खाली हो चुकी थी, लेकिन सीट के नीचे जबरदस्ती घुसाया गया एक बड़ा बॉक्स दिखाई दिया।
सफाई कर्मियों ने जब बॉक्स पर खून के धब्बे देखे तो उन्हें मामला संदिग्ध लगा। इसके बाद उन्होंने तुरंत रेलवे प्रशासन और GRP को सूचना दी। अधिकारियों की मौजूदगी में बॉक्स को बाहर निकालकर तोड़ा गया। बॉक्स खुलते ही अंदर महिला का सिर कटा धड़ देखकर सभी सन्न रह गए।
कई हिस्सों में मिला महिला का शव
पुलिस के अनुसार महिला के शव को कई हिस्सों में काटा गया था। ट्रेन से बरामद एक बैग में महिला के कटे हुए हाथ और पैर मिले, जबकि बॉक्स में धड़ रखा गया था। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि शव को पहचान छिपाने के इरादे से बेरहमी से काटा गया।
महिला की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। GRP आसपास के स्टेशनों के CCTV फुटेज और यात्रियों की जानकारी खंगाल रही है।
दो दिन पुराना बताया जा रहा शव
GRP के अनुसार शव करीब दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस को महिला के गले और कंधे पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। आशंका है कि पहले गला रेतकर हत्या की गई और फिर शव के टुकड़े कर ट्रेन में ठिकाने लगाने की कोशिश की गई।
SP GRP रोहित मिश्रा ने बताया कि हत्यारा शव को ठिकाने लगाने के लिए सही मौके का इंतजार कर रहा था। इसके बाद उसने शव को ट्रेन के स्लीपर कोच में रख दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



