Meerut School Bus Accident:उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब बच्चों से भरी एक निजी स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। यह घटना दौराला-लावड़ मार्ग पर हुई, जहां बस में करीब 35 बच्चे सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, दौराला स्थित सेंट मैरी स्कूल की बस रोज की तरह ग्रामीण क्षेत्रों से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। जैसे ही बस दौराला-लावड़ मार्ग पर पहुंची, चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस की रफ्तार काफी तेज थी और सड़क के किनारे ढलान होने के कारण बस संतुलन खोकर पलट गई।
बस के पलटते ही अंदर फंसे बच्चों की चीखें सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और राहगीर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। बस के दरवाजे लॉक हो जाने से बच्चे अंदर ही फंसे रह गए थे। ऐसे में ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए ईंट और पत्थरों की मदद से बस के शीशे तोड़कर बच्चों को बाहर निकालना शुरू किया। एक-एक कर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, लेकिन भय के कारण कई बच्चे लगातार रोते रहे।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। घायल बच्चों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, अधिकतर बच्चों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि 3 से 4 बच्चों को फ्रैक्चर और सिर में चोट के कारण निगरानी में रखा गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। घबराए हुए अभिभावक घटनास्थल और अस्पताल की ओर दौड़ पड़े। अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई। अपने बच्चों को सुरक्षित देख कई माता-पिता भावुक हो गए।
पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को सीधा कर कब्जे में ले लिया है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार या स्टेयरिंग फेल होना बताया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि चालक के पास वैध लाइसेंस था या नहीं और बस का फिटनेस सर्टिफिकेट सही था या नहीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








